राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर पशुपालन और गोसंरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित

गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, नस्ल सुधार के लिए मेरठ की तीन गोशालाओं में लागू होगी एम्ब्रियो ट्रांसफर तकनीक

मेरठ। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर गुरुवार को पशुपालन विभाग की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के पशुपालन एवं गोसंरक्षण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने की। इस दौरान पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. राजेंद्र प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ), जनपद के पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी और विभिन्न गोशालाओं के संचालक शामिल हुए।

समारोह में गोसेवा और गोसंरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं गोशाला संचालकों को प्रशस्ति पत्र, शॉल और प्रतीक स्वरूप कामधेनु गाय की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया गया।

तीन गोशालाओं में लागू होगी नई तकनीक

कार्यक्रम में गोवंश की देखभाल, दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाने और नस्ल सुधार के लिए एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी (ईटीटी) के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया गया। बीवी राम जी योजना के तहत सीआईआरसी के सहयोग से इस तकनीक को क्रियान्वित किए जाने की जानकारी दी गई। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि मेरठ की मलीपुर, सरधना और उकसिया गोशालाओं का चयन इस तकनीक के क्रियान्वयन के लिए किया गया है।

गोशालाओं में भूसा संग्रह बढ़ाने के निर्देश

राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि गोवंश प्राचीन काल से ही समृद्धि और स्वस्थ जीवन का आधार रहा है। गोवंश पर चल रहे अनुसंधान को और गुणवत्तापरक बनाने की जरूरत है। उन्होंने गेहूं की कटाई के सीजन में गोशालाओं के लिए अधिक से अधिक भूसा संग्रह करने के निर्देश दिए, ताकि पूरे वर्ष पशुओं के चारे की पर्याप्त व्यवस्था बनी रहे।

गोबर से बनने वाले उत्पादों से आत्मनिर्भर बनेंगी गोशालाएं

पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोबर से गोकाष्ठ, दीपक, गमले और गोपेंट जैसे उत्पाद तैयार कर गोशालाएं अपनी आय बढ़ा सकती हैं। इससे गोशालाओं के संचालन में आर्थिक सहयोग मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे।

कार्यक्रम में पूरे वर्ष हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। गोशालाओं को किसानों से जोड़कर नियमित रूप से हरे चारे की आपूर्ति कराने और चारा उत्पादन को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई गई।

निदेशक ने गोवंश संरक्षण, गोशालाओं के बेहतर संचालन और पशुपालन क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न विभागों से आपसी समन्वय एवं सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से गोशालाओं की व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के साथ पशुपालकों की आय और दुग्ध उत्पादन भी बढ़ाया जा सकता है।

अंत में अधिकारियों और गोशाला संचालकों ने गोवंश संरक्षण, नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि और गोशालाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts