फ्यूजन-2026 में नए चेहरों का जलवा, रैंप वॉक से लेकर डांस तक विद्यार्थियों ने बिखेरे रंग
शोभित विश्वविद्यालय में फ्रेशर्स पार्टी का भव्य आयोजन, शायमा अली बनीं मिस फ्रेशर और अक्षिता जांगिड़ ने जीता मिस्टर फ्रेशर का खिताब
मेरठ। नई मंजिल, नए दोस्त और प्रतिभा दिखाने का नया मंच... शोभित विश्वविद्यालय में आयोजित फ्रेशर्स समारोह 'फ्यूजन-2026' में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। स्कूल ऑफ कम्प्यूटेशनल साइंस एंड इंजीनियरिंग की ओर से आयोजित इस रंगारंग समारोह में नवागंतुक विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। गायन, नृत्य, मिमिक्री, रैंप वॉक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कुलपति प्रो. वीके त्यागी, प्रो-वाइस चांसलर प्रो. जयानंद और कुलसचिव डॉ. पंकज राणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गायन, नृत्य और मिमिक्री की प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। म्यूजिकल चेयर, बैलून बैलेंस, स्टेप कॉपी और बैलून बर्स्ट जैसी प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। रैंप वॉक और फ्री म्यूजिक सेशन समारोह के खास आकर्षण रहे।
टाइटल के लिए दिखा कड़ा मुकाबला
समारोह का सबसे खास आकर्षण टाइटल डिस्ट्रीब्यूशन रहा। इसमें विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व के आधार पर विभिन्न खिताबों से नवाजा गया। प्रतियोगिताओं में अक्षिता जांगिड़ ने मिस्टर फ्रेशर और शायमा अली ने मिस फ्रेशर का खिताब हासिल किया। अवि गुप्ता मिस्टर बेस्ट ड्रेसर, रितिका शर्मा मिस बेस्ट ड्रेसर और साहिल म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता के विजेता बने।
टीमवर्क और नेटवर्किंग का भी मंच
स्कूल ऑफ कम्प्यूटेशनल साइंस एंड इंजीनियरिंग के निदेशक प्रो. (डॉ.) संदीप कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन वरिष्ठ और कनिष्ठ विद्यार्थियों के बीच संवाद, सहयोग और आपसी समन्वय को मजबूत करते हैं। कॉर्पोरेट जगत में सफलता के लिए टीमवर्क, प्रोफेशनल नेटवर्किंग और प्रभावी संवाद जरूरी हैं। इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को इन कौशलों को विकसित करने का अवसर देते हैं।
समारोह को सफल बनाने में डॉ. सुरभि सरोहा, निमरा मिर्जा, नैन्सी शर्मा, गरिमा और हिमानी चौधरी का विशेष योगदान रहा। आयोजन की कोर टीम में जेसिका रानी, अक्षिता चौहान, फिल्जाह, वंशिका शर्मा, बादल, हरीश, कृष्णा सोआम, लक्ष्य विकल, साहिल चौधरी, भारत भारद्वाज और समीर राय ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।



No comments:
Post a Comment