नौकरी की तलाश छोड़ें युवा, खुद बनें रोजगार देने वाले; स्टार्टअप संवाद में गूंजा आत्मनिर्भरता का मंत्र
सीसीएसयू में पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026, 60 से अधिक स्टॉल पर दिखे नए इनोवेशन; उद्यमियों ने आइडिया, मार्केटिंग, फंडिंग और मजबूत टीम को बताया सफलता की कुंजी
मेरठ। नौकरी पाने की होड़ से बाहर निकलकर नौकरी देने वाला बनने का सपना देखिए। किसी भी नए कारोबार की शुरुआत एक बेहतर आइडिया से होती है, लेकिन उसे बाजार में पहचान दिलाने के लिए मार्केटिंग और मजबूत रणनीति भी उतनी ही जरूरी है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) में शनिवार को आयोजित पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026 में युवा उद्यमियों, शिक्षाविदों और विशेषज्ञों ने कुछ इसी अंदाज में युवाओं को उद्यमिता का मंत्र दिया।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 11 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों, कुलपतियों, शिक्षाविदों, युवा उद्यमियों और निवेशकों ने हिस्सा लिया। परिसर में 60 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जहां युवाओं ने अपने स्टार्टअप, नए उत्पादों और नवाचारों का प्रदर्शन किया। चर्चा का केंद्र रहा कि कैसे छोटे आइडिया को बड़े कारोबार में बदला जाए और युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजन के लिए तैयार किया जाए।
एचबीटीयू कानपुर के ई-सेल स्टूडेंट सेक्रेटरी प्रशांत चौबे ने कहा कि स्टार्टअप देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाते हैं। नए उत्पाद तैयार होंगे और उनका निर्यात बढ़ेगा तो आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसी उत्पाद की शुरुआत में बाजार में मांग नहीं होने पर भी बेहतर मार्केटिंग और रणनीति से उसकी मांग पैदा की जा सकती है। जोमैटो और ब्लिंकिट जैसे प्लेटफॉर्म इसके उदाहरण हैं। एचबीटीयू के ही दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से दूसरे विश्वविद्यालयों के स्टार्टअप को समझने, नेटवर्किंग करने और अपने कारोबार को बड़े स्तर पर ले जाने का नजरिया मिलता है।
साइबर योद्धा टेक एलएलपी के संस्थापक प्रेम त्यागी ने युवाओं से जॉब सीकर के बजाय जॉब प्रोवाइडर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि साइबर सिक्योरिटी सहित कई क्षेत्रों में नए अवसर मौजूद हैं। देश में इस्तेमाल होने वाले उत्पादों का निर्माण यदि भारत में ही किया जाए तो लागत कम होने के साथ आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा। विवेकानंद इनक्यूबेशन फाउंडेशन के निशांत शर्मा ने महिला उद्यमियों की भागीदारी को सकारात्मक बताते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से नए विचारों को कारोबार में बदलने के अवसर बढ़े हैं।
रोहिलखंड इनक्यूबेशन फाउंडेशन, बरेली की असिस्टेंट डायरेक्टर शुभी अग्रवाल ने कहा कि भारत को विकसित देश और मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए नवाचार आधारित स्टार्टअप को प्रोत्साहित करना जरूरी है। वहीं बिजनौर के वर्धमान कॉलेज से पहुंचे करन ने कहा कि किसी भी स्टार्टअप की सफलता के लिए सबसे पहले बाजार की समस्या पहचानना, बेहतर आइडिया तैयार करना और उसका ब्लूप्रिंट बनाना जरूरी है। इसके बाद मजबूत टीम तैयार करनी चाहिए, जबकि फंडिंग अगला चरण है। विशेषज्ञों का मानना था कि विश्वविद्यालयों में ऐसे मंच युवाओं के नए विचारों को दिशा देने के साथ उन्हें उद्यमी बनने और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में भागीदार बनने के लिए प्रेरित करेंगे।


No comments:
Post a Comment