दो साल के संघर्ष के बाद किसानों को राहत, जमीन के चार गुना मुआवजे पर बनी सहमति
गंगा एक्सप्रेसवे औद्योगिक गलियारे के लिए तीन गांवों की जमीन का एक समान तय होगा मूल्य, छह माह के बैनामों के आधार पर बनेगी मुआवजे की दर
मेरठ। गंगा एक्सप्रेसवे औद्योगिक गलियारे के लिए भूमि अधिग्रहण के मुआवजे को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे किसानों की मांग रंग लाती दिख रही है। दो साल से चल रहे आंदोलन के बीच जिला प्रशासन और किसान संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता में जमीन के बाजार मूल्य का चार गुना मुआवजा देने पर प्रथम सहमति बनी है। साथ ही तीनों गांवों के किसानों को एक समान दर से भुगतान करने पर भी सहमति जताई गई।
किसान संघर्ष समिति के पूर्व अध्यक्ष श्योराज सिंह त्यागी के नेतृत्व में करीब 15 किसान प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखीं। वार्ता में एडीएम वित्त, एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर और एडीएम भूमि अध्याप्ति नवीन चंद्र समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
छह माह के बैनामों का निकलेगा औसत
वार्ता में तय हुआ कि एक सप्ताह के भीतर निबंधक कार्यालय से पिछले छह माह में हुए जमीन के सभी बैनामों का रिकॉर्ड जुटाया जाएगा। बैनामों में दर्ज कीमतों का औसत निकालकर जमीन का बाजार मूल्य निर्धारित करने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसी मूल्य के आधार पर चार गुना मुआवजे की गणना की जाएगी।
तीनों गांवों के किसानों को एक समान मुआवजा
किसानों की प्रमुख मांग तीनों गांवों की जमीन का एक समान मूल्य निर्धारित करने की थी। प्रशासन ने इस पर भी सहमति जताई है। इससे अलग-अलग गांवों के किसानों के बीच मुआवजे की दर को लेकर बना असंतोष दूर होने की उम्मीद है।
300 हेक्टेयर जमीन पर विकसित होगा औद्योगिक गलियारा
यूपीडा की ओर से औद्योगिक गलियारे के लिए तीन गांवों की करीब 300 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जानी है। इनमें बिजौली और खरखौदा क्षेत्र की करीब 200 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण कर बैनामे भी कराए जा चुके हैं। इसी क्षेत्र में बुधवार को अमेरिकी कंपनी बाल के औद्योगिक प्रोजेक्ट का भूमि पूजन भी किया गया था।
वार्ता में श्योराज सिंह, प्रबोध शास्त्री, महेश त्यागी, राजकुमार, परविंदर, जगबीर, मांगे राम और कवित समेत करीब 15 किसान प्रतिनिधि शामिल रहे। अब किसानों की निगाहें एक सप्ताह में प्रस्तावित बाजार मूल्य निर्धारण की प्रक्रिया और मुआवजे पर अंतिम निर्णय पर टिकी हैं।


No comments:
Post a Comment