डिग्री मैनेजमेंट की, लेकिन विश्वविद्यालय का मैनेजमेंट फेल! राज्यपाल ने CCSU प्रशासन को घेरा
आनंदीबेन पटेल की दोटूक- हॉस्टल में खाने की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट तक की फिक्र नहीं, छात्रों को जिम्मेदारी देना भी नहीं सीखा; पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद में 11 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि जुटे
मेरठ। मैनेजमेंट की पढ़ाई कराने वाले विश्वविद्यालय में ही व्यवस्थाओं का मैनेजमेंट दुरुस्त नहीं है। शनिवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) में पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026 के मंच से राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय प्रशासन को इसी अंदाज में आईना दिखाया। उन्होंने हॉस्टल की अव्यवस्थाओं, भोजन की गुणवत्ता और खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट को लेकर सवाल उठाए। दोटूक कहा कि जब विद्यार्थियों को मैनेजमेंट सिखाया जाता है तो उन्हें विश्वविद्यालय की व्यवस्थाएं संभालने की जिम्मेदारी क्यों नहीं दी जाती?
राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह में भी उन्होंने हॉस्टल की व्यवस्थाएं सुधारने, भोजन की गुणवत्ता जांचने और खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट पर नजर रखने के निर्देश दिए थे, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई दे रही। न छात्र, न शिक्षक और न ही वार्डन इस जिम्मेदारी को ठीक से निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए अच्छी गुणवत्ता के खाद्य पदार्थ थोक में खरीदे जाएं और रसोइयों को बेहतर भोजन तैयार करने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने बताया कि अब पनीर की गुणवत्ता की जांच भी शुरू की गई है।
कानपुर का मॉडल बताया, छात्रों को बनाएं व्यवस्था के जिम्मेदार
राज्यपाल ने कानपुर के विश्वविद्यालय का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां विद्यार्थी खुद कार्यक्रमों की व्यवस्थाएं संभालते हैं। बाजार से सामान खरीदने से लेकर भोजन तैयार कराने और पूरे आयोजन का प्रबंधन करने तक की जिम्मेदारी छात्र निभाते हैं। इससे उनमें नेतृत्व क्षमता, जवाबदेही और व्यवहारिक प्रबंधन का विकास होता है। उन्होंने सीसीएसयू में भी ऐसी व्यवस्था लागू करने की जरूरत बताई।
उन्होंने कहा कि यह नहीं देखना चाहिए कि सुविधाएं कहां उपलब्ध हैं, बल्कि यह देखना चाहिए कि उनकी जरूरत कहां है। विश्वविद्यालयों को अपनी व्यवस्थाओं में सुधार के साथ विद्यार्थियों की भागीदारी भी सुनिश्चित करनी होगी।
11 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026 में प्रदेश के 11 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधिमंडल, कुलपति, शिक्षाविद, युवा उद्यमी और निवेशक शामिल हुए। राज्यपाल ने फीता काटकर स्टार्टअप प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों और उद्यमियों ने अपने नवाचार, उत्पाद और तकनीकी मॉडल प्रदर्शित किए। राज्यपाल ने स्टॉलों पर पहुंचकर युवाओं से उनके प्रोजेक्ट और स्टार्टअप की संभावनाओं की जानकारी ली।
नए आइडिया को कारोबार में बदलने पर मंथन
संवाद के तकनीकी सत्रों में उद्यमिता, उभरती तकनीक, वैज्ञानिक शोध और स्टार्टअप के भविष्य पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर नए विचारों को व्यावसायिक स्वरूप देने के तरीके बताए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास में नवाचार की भूमिका पर भी विचार रखे गए।
फंडिंग से लेकर महिला उद्यमिता तक पर चर्चा
पैनल डिस्कशन में स्टार्टअप के लिए फंडिंग, मेंटरशिप और बाजार की संभावनाओं पर मंथन हुआ। महिला उद्यमिता, नेतृत्व, नवाचार और आर्थिक सशक्तीकरण को भी प्रमुखता दी गई। वहीं, राउंड टेबल चर्चा में विश्वविद्यालयों को इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप हब के रूप में विकसित करने तथा उद्योगों के साथ बेहतर तालमेल बनाने की रणनीति पर विचार किया गया।



No comments:
Post a Comment