मकान पर कब्जे के विवाद में बद्दो के नाम पर एक करोड़ की रंगदारी! अमेरिका में बैठे NRI को जान से मारने की धमकी, 6 मिनट का ऑडियो वायरल

मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधी और पांच लाख रुपये के इनामी बदन सिंह बद्दो का नाम एक बार फिर रंगदारी और धमकी के मामले में सामने आया है। इस बार अमेरिका में रह रहे मेरठ के एनआरआई कमलजीत सिंह पंवार को कथित तौर पर फोन कर एक करोड़ रुपये की मांग करने और भारत लौटने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। इस पूरे मामले से जुड़ा 6 मिनट 24 सेकंड का ऑडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। पीड़ित ने फोन करने वाले की आवाज बदन सिंह बद्दो की होने का दावा किया है।

मकान की देखभाल के लिए दिया, दूसरे के कब्जे में पहुंचा

कमलजीत सिंह पंवार पिछले करीब 30 वर्षों से अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित मैन्टेका में रह रहे हैं। मेरठ के टीपीनगर क्षेत्र के न्यू पंजाबीपुरा में उनकी पत्नी कर्मजीत कौर पंवार के नाम मकान संख्या 76-ए है। कमलजीत के मुताबिक, उन्होंने कई साल पहले अपने परिचित सोहन सिंह को बिना किराया लिए मकान की देखभाल और रहने के लिए दिया था। आरोप है कि बाद में सोहन सिंह ने मकान पर बदन सिंह बद्दो की बड़ी बहन का कब्जा करा दिया। कमलजीत का कहना है कि मकान न तो बेचा गया और न ही किसी के नाम हस्तांतरित किया गया। इसी संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है।

10 सितंबर को आया फोन, एक करोड़ देने का दबाव

कमलजीत के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर अंतरराष्ट्रीय नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कथित तौर पर खुद को बदन सिंह बद्दो बताया। कमलजीत का दावा है कि वह बद्दो को बचपन से जानते हैं और उसकी आवाज पहचानते हैं। आरोप है कि फोन पर सोहन सिंह को एक करोड़ रुपये देने का दबाव बनाया गया। साथ ही धमकी दी गई कि भारत लौटने पर उनकी हत्या कर दी जाएगी। फोन करने वाले ने कथित तौर पर यह भी कहा कि बद्दो की बहन मकान में रह रही है और रकम दिए बिना उन्हें मकान में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

पंजाबी में बातचीत, 6 मिनट 24 सेकंड का ऑडियो वायरल

मामले से जुड़ा 6 मिनट 24 सेकंड का ऑडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दोनों पक्षों के बीच पंजाबी भाषा में बातचीत सुनाई दे रही है। बातचीत का केंद्र मेरठ स्थित मकान और एक करोड़ रुपये की कथित मांग है। ऑडियो में फोन करने वाला कमलजीत पर सोहन सिंह को रकम देने का दबाव बनाता सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि और उसमें आवाज की पहचान होना अभी बाकी है।

अमेरिका की पुलिस से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत

कमलजीत सिंह ने मामले की शिकायत अमेरिका के मैन्टेका पुलिस विभाग में भी दर्ज कराई है। शिकायत की रिपोर्ट संख्या 26/04398 बताई गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डीजीपी और मेरठ के पुलिस अधिकारियों को ई-मेल भेजकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की गई है। कमलजीत का कहना है कि उनकी पत्नी दो बार भारत आईं, लेकिन मकान पर कब्जे और धमकियों के चलते वहां नहीं रह सकीं।

2019 से फरार है पांच लाख का इनामी बद्दो

बदन सिंह बद्दो 28 मार्च 2019 को मेरठ में पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। इसके बाद से वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। अब एनआरआई को धमकी देने के मामले में उसका नाम सामने आने से पुलिस के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई है। मामले में ऑडियो की जांच और फोन करने वाले की पहचान महत्वपूर्ण होगी। बद्दो के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की भी चर्चा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts