अब नमो भारत से हरिद्वार-ऋषिकेश की राह होगी आसान
150 किमी के नए कॉरिडोर का सर्वे शुरू; मेरठ से होकर गुजरने की संभावना
मेरठ। दिल्ली-एनसीआर से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले यात्रियों के लिए आने वाले समय में सफर आसान और तेज हो सकता है। नमो भारत रैपिड ट्रेन का नेटवर्क अब धार्मिक और पर्यटन नगरी हरिद्वार-ऋषिकेश तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने करीब 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित कॉरिडोर का प्राथमिक सर्वे शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि इस परियोजना में मेरठ को भी महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी मिलने की संभावना है।
दो रूट विकल्पों पर मंथन, मेरठ से होकर गुजर सकती है ट्रेन
प्रस्तावित कॉरिडोर के लिए फिलहाल दो विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। पहले विकल्प के तहत मोदीपुरम से दौराला, खतौली, मुजफ्फरनगर और रुड़की होते हुए हरिद्वार-ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन चलाने की संभावना है। इस रूट के साकार होने पर मेरठ और आसपास के जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिल सकता है।
गंगनहर पटरी के किनारे दूसरा कॉरिडोर बनाने की संभावना
दूसरे विकल्प में मोदीनगर से गंगनहर पटरी के रास्ते सीधे रुड़की और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश तक कॉरिडोर बनाने पर विचार किया जा रहा है। इस विकल्प को लेकर एनसीआरटीसी ने सिंचाई विभाग से गंगनहर पटरी मार्ग की उपलब्धता और अन्य जरूरी जानकारियां मांगी हैं। सर्वे के दौरान दोनों संभावित मार्गों की व्यवहारिकता परखने के बाद आगे की योजना तैयार की जाएगी।
डीपीआर के बाद तय होगा अंतिम रूट
फिलहाल परियोजना शुरुआती चरण में है। प्राथमिक सर्वे के बाद तकनीकी और अन्य पहलुओं का अध्ययन किया जाएगा। इसके बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने पर ही अंतिम रूट और स्टेशनों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। परियोजना आगे बढ़ती है तो दिल्ली-एनसीआर, मेरठ, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार-ऋषिकेश के बीच आवागमन को नई रफ्तार मिल सकती है। साथ ही धार्मिक पर्यटन और कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


No comments:
Post a Comment