समय से पहले जन्मे बच्चों के लिए नई उम्मीद, सही इलाज और फॉलोअप से संवरेगा भविष्य
नवजात शिशु सप्ताह पर विशेषज्ञों ने बताया NICU से छुट्टी के बाद भी जरूरी है नियमित निगरानी, अभिभावकों ने साझा किए अनुभव
मेरठ। समय से पहले जन्म लेना किसी बच्चे के बेहतर भविष्य की राह में बाधा नहीं है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, समय पर उपचार, परिवार के सहयोग और नियमित फॉलोअप से प्रीमैच्योर बच्चों को स्वस्थ जीवन दिया जा सकता है। यह बात नवजात शिशु सप्ताह 2026 के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता एवं अभिभावक संवाद कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कही।
कार्यक्रम में डॉ. अमित उपाध्याय एवं डॉ. प्रियंका गुप्ता ने समयपूर्व जन्म लेने वाले बच्चों की देखभाल, उपचार और उनके बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान ऐसे बच्चों और उनके माता-पिता को भी आमंत्रित किया गया, जिन्होंने जन्म के समय गंभीर परिस्थितियों का सामना किया था। कई बच्चों को लंबे समय तक एनआईसीयू में वेंटिलेटर और अन्य जीवनरक्षक उपचार की जरूरत पड़ी थी। उपचार के बाद बच्चों की बेहतर प्रगति और अभिभावकों के अनुभव कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहे।
समय पर उपचार से बचाई जा सकती हैं नन्ही जिंदगियां
डॉ. अमित उपाध्याय ने कहा कि आधुनिक एनआईसीयू सुविधाओं, प्रशिक्षित विशेषज्ञों और समय पर उपचार से कम वजन एवं समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों को जीवन का बेहतर अवसर मिल रहा है। प्रीमैच्योर बच्चे का जन्म परिवार के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन उचित चिकित्सा और माता-पिता के सहयोग से अनेक बच्चे कठिन परिस्थितियों से उबर सकते हैं। उन्होंने मां के दूध, संक्रमण से बचाव, कंगारू मदर केयर और परिवार की सक्रिय भागीदारी को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
एनआईसीयू से छुट्टी के बाद भी जरूरी है देखभाल
डॉ. प्रियंका गुप्ता ने कहा कि चिकित्सकों का उद्देश्य केवल प्रीमैच्योर बच्चे की जान बचाना नहीं, बल्कि उसका स्वस्थ शारीरिक और मानसिक विकास सुनिश्चित करना भी है। एनआईसीयू से छुट्टी मिलना उपचार का अंत नहीं, बल्कि विकास की नई यात्रा की शुरुआत है। ऐसे बच्चों का नियमित हाई रिस्क फॉलोअप, आंखों और सुनने की क्षमता की जांच, पोषण एवं वजन की निगरानी और न्यूरो डेवलपमेंटल मूल्यांकन जरूरी है। विकास संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर अर्ली इंटरवेंशन से बच्चों का भविष्य बेहतर बनाया जा सकता है।
अभिभावकों ने साझा किए संघर्ष और सफलता के अनुभव
कार्यक्रम में मौजूद बच्चों के माता-पिता ने एनआईसीयू में बिताए कठिन दिनों और उपचार के बाद बच्चों की प्रगति के अनुभव साझा किए। चिकित्सकों ने बच्चों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताते हुए अभिभावकों के धैर्य और सहयोग की सराहना की।
विशेषज्ञों ने अभिभावकों को सलाह दी कि समय से पहले जन्मे बच्चों की नियमित चिकित्सकीय जांच कराएं। मां का दूध और कंगारू मदर केयर अपनाएं तथा आंखों, सुनने की क्षमता, वजन और विकास की समय-समय पर जांच कराते रहें। विकास में देरी के संकेत मिलने पर तत्काल विशेषज्ञ से संपर्क करें।
कार्यक्रम के अंत में संदेश दिया गया कि हर नवजात अनमोल है और समय से पहले जन्म लेना उम्मीदों का अंत नहीं है। सही उपचार, परिवार का साथ और नियमित निगरानी से नन्हे बच्चे भी स्वस्थ भविष्य की ओर कदम बढ़ा सकते हैं।


No comments:
Post a Comment