शिविर में खुली छात्रों की सेहत की पोल, हर पांचवें विद्यार्थी की नजर कमजोर
106 छात्र-छात्राओं की आंखों की जांच में 20 फीसदी में मिला निकट दृष्टि दोष, चश्मा बनवाने और सावधानी बरतने की सलाह
मेरठ। मोबाइल और स्क्रीन पर बढ़ता समय छात्र-छात्राओं की आंखों पर भारी पड़ रहा है। मेरठ कॉलेज में बुधवार को आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में इसका असर सामने आया। यहां जांच के दौरान करीब 20 फीसदी छात्र-छात्राओं में निकट दृष्टि दोष (मायोपिया) पाया गया। चिकित्सकों ने प्रभावित विद्यार्थियों को चश्मा बनवाने और आंखों की अतिरिक्त देखभाल करने की सलाह दी।
कॉलेज के व्यावसायिक पाठ्यक्रम विभाग के फूड एंड न्यूट्रीशन विभाग में न्यूट्रीशन असेसमेंट एंड हेल्थ चेकअप शिविर का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित और संतुलित खानपान अपनाने के साथ प्रतिदिन व्यायाम करने की सलाह दी।
समन्वयक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित शिविर में 106 छात्र-छात्राओं की आंखों की जांच की गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों की लंबाई, वजन, बीएमआई, रक्तचाप और ब्लड शुगर की भी जांच की गई।
हर पांचवें विद्यार्थी को चश्मे की जरूरत
चिकित्सक डॉ. शिविका अग्रवाल ने बताया कि जांच में करीब 20 फीसदी विद्यार्थियों में निकट दृष्टि दोष मिला है। ऐसे विद्यार्थियों को चश्मा बनवाने के साथ आंखों की नियमित जांच कराने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई।
शिविर में विभागाध्यक्ष डॉ. अर्पणा सिंह, डॉ. महुआ, डॉ. अंशु मेहरा, डॉ. वर्तिका, ऑप्टोमेट्रिक उरूज, सीनियर कम्युनिटी एंड ऑपरेशन नागभट्ट पोसवाल और एडमिनिस्ट्रेशन से जतिन सिंह सहित अन्य का सहयोग रहा।


No comments:
Post a Comment