सात दिन तक बही भक्ति की गंगा, चतुष्श्लोकी भागवत के अमृत संदेश के साथ कथा को विराम
परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में हवन-पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद; राधे-कृष्ण के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
मेरठ। सात दिनों तक भक्ति, ज्ञान और अध्यात्म की अविरल धारा बहाने वाले श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का बुधवार को भावपूर्ण समापन हो गया। श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित सात दिवसीय कथा के अंतिम दिन व्यास पीठ से चतुष्श्लोकी भागवत का सार सुनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की महिमा और भक्ति के संदेश ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा विश्राम के बाद विधि-विधान से हवन और पूर्णाहुति हुई। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
सप्तम दिवस की कथा का शुभारंभ समिति अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद शर्मा, मुख्य यजमान डॉ. आलोक शर्मा और संयोजक सुमित मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज की पत्नी श्रीमती रश्मि भारद्वाज ने व्यास पीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया।
चार श्लोकों में समाया संपूर्ण भागवत का सार
अंतिम दिन व्यास जी ने चतुष्श्लोकी भागवत का भावपूर्ण वर्णन करते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रह्मा जी को केवल चार श्लोकों में संपूर्ण श्रीमद्भागवत का सार समझाया था। उन्होंने कहा कि चतुष्श्लोकी भागवत ही श्रीमद्भागवत का हृदय है। इसमें भगवान ने बताया है कि सृष्टि के पहले, सृष्टि के बाद और सृष्टि के मध्य भी वही विद्यमान हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं को संदेश दिया कि भगवान ही परम सत्य हैं और उनकी भक्ति ही मानव जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य है। जो व्यक्ति इस सत्य को समझकर प्रभु की शरण में जाता है, वह जन्म-मरण के बंधन से मुक्त होने का मार्ग प्राप्त करता है।
सात दिनों की कथा का सुनाया सार
कथा विश्राम से पहले व्यास जी ने सातों दिनों की प्रमुख प्रसंगों का स्मरण कराया। प्रथम दिन भागवत महात्म्य, दूसरे दिन ध्रुव और प्रहलाद चरित्र, तीसरे दिन समुद्र मंथन, चौथे दिन श्रीकृष्ण जन्म, पांचवें दिन बाल लीलाएं, कालिया मर्दन और गोवर्धन पूजा, छठे दिन कंस वध और रुक्मिणी विवाह तथा अंतिम दिन चतुष्श्लोकी भागवत का वर्णन किया गया।
पूर्णाहुति के बाद भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
कथा के समापन से पहले व्यास पीठ और श्रीमद्भागवत ग्रंथ का पूजन किया गया। इसके बाद हवन और पूर्णाहुति के साथ सात दिवसीय ज्ञानयज्ञ को विधिवत विराम दिया गया। मंदिर परिसर में आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरा परिसर जय श्री राधे और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
समिति के संरक्षक डॉ. अशोक शर्मा ने आयोजन की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं का आभार जताया।
इस अवसर पर डॉ. पंकज त्यागी, श्रीमती रागिनी निरंजन, मुकेश चंद शर्मा, पं. विवेक शर्मा, सुदेश शर्मा, गौरव शर्मा, अनुज शर्मा, मुख्य आचार्य राकेश जी, डॉ. बरनवाल सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, मुख्य यजमान, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment