सुभारती में पंजा कुश्ती का पावर शो, आज खिताब के लिए भिड़ेंगे देशभर के खिलाड़ी

महिला-पुरुष खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, महिला वर्ग के फाइनलिस्ट घोषित; एआईयू चैंपियनशिप के फाइनल पर टिकी निगाहें

मेरठ। सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) की आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026-27 में देशभर के खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। पंजा कुश्ती के इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में महिला और पुरुष खिलाड़ी ताकत, तकनीक और रणनीति के दम पर एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दे रहे हैं। प्रतियोगिता के महिला वर्ग के विभिन्न भार वर्गों के फाइनलिस्ट घोषित कर दिए गए हैं। अब 19 नवंबर को होने वाले फाइनल मुकाबलों में खिताब के लिए जोर आजमाइश होगी।

चैंपियनशिप में विभिन्न भार वर्गों के लेफ्ट हैंड और राइट हैंड मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। खिलाड़ियों के बीच जीत के लिए जबरदस्त संघर्ष देखने को मिल रहा है। पंजा कुश्ती में केवल ताकत ही नहीं, बल्कि मजबूत पकड़, संतुलन, धैर्य और तकनीकी कौशल भी जीत का आधार बन रहे हैं।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) बीके मित्तल और मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए फाइनल मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता के लिए अनुशासन, नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति जरूरी है।

शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू अधिकारी ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं। आर्म रेसलिंग शारीरिक मजबूती के साथ मानसिक दृढ़ता और रणनीतिक सोच का भी खेल है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता की मेजबानी को विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय बताया।

प्रतियोगिता में एआईयू ऑब्जर्वर, विभिन्न विश्वविद्यालयों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts