गन्ना क्रय केंद्र पर उप गन्ना आयुक्त का औचक निरीक्षण, तौल व्यवस्था मिली दुरुस्त

किसानों से लिया सुविधाओं का फीडबैक, हार्वेस्टर मशीन चलाने के लिए किसानों के चयन के निर्देश; साफ और ताजा गन्ना आपूर्ति की अपील

मेरठ। गन्ना किसानों को बेहतर सुविधाएं और पारदर्शी तौल व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए बुधवार को उप गन्ना आयुक्त मेरठ यशपाल सिंह ने मोदीनगर चीनी मिल के गेट क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गन्ने की तौल, क्रय केंद्र की साफ-सफाई और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में तौल व्यवस्था और यार्ड की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।

उप गन्ना आयुक्त ने क्रय केंद्र पर मानक बांट रखकर तौल कांटे की जांच कराई, जिसमें तौल सही पाई गई। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर गन्ना आपूर्ति, तौल प्रक्रिया और चीनी मिल की ओर से दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। किसानों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। उन्होंने किसानों को शरदकालीन गन्ना बुवाई के लिए प्रेरित करते हुए गाटा मैपिंग में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

हार्वेस्टर से आसान होगी गन्ने की कटाई

निरीक्षण के दौरान मोदीनगर चीनी मिल को उपलब्ध कराई गई हार्वेस्टर मशीन के संचालन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उप गन्ना आयुक्त ने मशीन के प्रभावी संचालन के लिए उपयुक्त किसानों का चयन करने और आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हार्वेस्टर तकनीक से गन्ने की कटाई अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित हो सकेगी।

उप गन्ना आयुक्त ने किसानों से साफ, स्वच्छ और ताजा गन्ना चीनी मिल को आपूर्ति करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे गन्ने की गुणवत्ता और चीनी परता में सुधार होगा। क्रय केंद्रों पर पारदर्शी तौल और किसान सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला गन्ना अधिकारी गाजियाबाद, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मोदीनगर, चीनी मिल के अधिकारी और क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts