बिजलीघर की लापरवाही पर एमडी सख्त, खराब वीसीबी और सेफ्टी किट की कमी पर जताई नाराजगी
सेंटल्यूक्स उपकेंद्र के औचक निरीक्षण में मिली खामियां, 14 जिलों के अधिकारियों को उपकरणों की नियमित जांच के निर्देशमेरठ। बिजली व्यवस्था में लापरवाही अब अधिकारियों को भारी पड़ सकती है। विद्युत व्यवस्था का जायजा लेने निकले पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने बुधवार को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सेंटल्यूक्स का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बिजलीघर में वीसीबी खराब मिलने पर उन्होंने तत्काल बदलने के निर्देश दिए। वहीं, विद्युत कर्मचारियों के पास सेफ्टी किट नहीं मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान एमडी ने पावर ट्रांसफार्मर का तापमान और ऑयल स्तर जांचा। विद्युत लाइनों, उपकरणों के अनुरक्षण, लॉगशीट और कार्यालय अभिलेखों का भी अवलोकन किया। उन्होंने बिजलीघर और यार्ड में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही डिस्कॉम के सभी 14 जनपदों के अधिकारियों को बिजलीघरों में स्थापित उपकरणों की नियमित जांच और खराब उपकरणों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए।
सेफ्टी किट के बिना काम नहीं करेंगे कर्मचारी
विद्युत कर्मियों के पास सुरक्षा उपकरण नहीं मिलने पर एमडी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी नियमित और संविदा कर्मचारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार तत्काल सेफ्टी किट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विद्युत लाइनों और उपकरणों की नियमित पेट्रोलिंग कराने के भी निर्देश दिए।
एमडी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। ब्रेकडाउन होने पर तत्काल कार्रवाई कर आपूर्ति बहाल की जाए। ट्रांसफार्मर, विद्युत लाइनों और उपकरणों के रखरखाव में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment