रालोद का मिशन-90 शुरू, हर वार्ड में गूंजेगी संगठन की आवाज
कैंट विधानसभा से ‘90 वार्ड, 90 संवाद’ अभियान का आगाज, कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएगी वार्डवार जिम्मेदारी
मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) मेरठ महानगर ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए ‘90 वार्ड, 90 संवाद’ अभियान का आगाज कर दिया है। रोडवेज बस स्टैंड स्थित चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में कैंट विधानसभा क्षेत्र का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष विवेक कुमार बाफर और उनकी नवगठित कमेटी का अभिनंदन किया गया।
मुख्य अतिथि हस्तिनापुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक ने कहा कि कमेटी गठन के महज एक दिन बाद ही कैंट विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करना सराहनीय पहल है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड और बूथ पर सक्रियता बढ़ाने के साथ कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद जरूरी है। उन्होंने महानगर अध्यक्ष विवेक कुमार बाफर और कैंट विधानसभा अध्यक्ष विजय ओबरॉय को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनय प्रधान ने की।
महानगर अध्यक्ष विवेक कुमार बाफर ने कहा कि ‘90 वार्ड, 90 संवाद’ अभियान के तहत महानगर कमेटी के सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग वार्डों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। प्रत्येक वार्ड में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही वार्ड अध्यक्षों की घोषणा भी होगी। कैंट के बाद दक्षिण और शहर विधानसभा क्षेत्रों में भी कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज, विनय प्रधान, दिलप्रीत कोहली, सुनील मलिक, महिला प्रकोष्ठ की महानगर अध्यक्ष बीना पूनिया, कैंट अध्यक्ष विजय ओबरॉय, व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष एडवोकेट जयराज सिंह, अभि सिंघल, खेल प्रकोष्ठ से ज्योति शर्मा, राष्ट्रीय पदाधिकारी प्रतीक जैन, नरेश मल्लापुर, अनीश कुरैशी और अब्बास कुरैशी ने भी विचार रखे। दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष जसविंदर सिंह, शहर विधानसभा अध्यक्ष मोबीन, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के शहर अध्यक्ष सरदार विकुल, महानगर उपाध्यक्ष वरुण मलिक, महासचिव नावेद कुरैशी, हर्ष खटाना, ऋतिक त्यागी, यश शर्मा, अर्शित, हैरी, लाइक कुरैशी, साकिब, वकार और आयान सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment