बच्चों को सिखाए सुरक्षा के अधिकार, पोक्सो कानून से किया जागरूक

आईआईएमटी के 45 विधि छात्रों ने पबला के स्कूलों में लगाया विधिक जागरूकता शिविर

मेरठ। बच्चों को उनके अधिकारों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ लॉ की ओर से ग्राम पबला स्थित प्राथमिक विद्यालय एवं जूनियर हाई स्कूल में विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बच्चों को पोक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए लैंगिक अपराधों से बचाव और सुरक्षा के उपाय बताए गए।

शिविर में कॉलेज ऑफ लॉ के 45 विधि छात्रों ने हिस्सा लिया। छात्रों ने बच्चों से संवाद कर उनकी उम्र और समझ के अनुरूप सरल भाषा में पोक्सो कानून के उद्देश्य और प्रावधान समझाए। उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा, अनुचित व्यवहार की पहचान, दुर्व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने और जरूरत पड़ने पर विश्वसनीय वयस्क से मदद लेने के बारे में बताया गया।

जागरूकता सत्र में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में किया गया।

इस अवसर पर सहायक प्रोफेसर राजनीश, आयुष कौशिक, डॉ. अंबुज मिश्रा और यशस्वी राजपूत मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने भी सहयोग किया।

कॉलेज ऑफ लॉ के विभागाध्यक्ष डॉ. एहतशामुद्दीन अंसारी ने कहा कि विधिक साक्षरता, न्याय तक पहुंच और समाज के कमजोर एवं संवेदनशील वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से विश्वविद्यालय की ओर से निरंतर समुदाय केंद्रित विधिक सहायता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts