निकाह की खुशियों में पथराव का तांडव, पति-पत्नी के विवाद में भिड़े दो परिवार

मेरठ के ढवाई नगर में समारोह के दौरान जमकर चले ईंट-पत्थर, 200 से अधिक मेहमानों के बीच मची अफरा-तफरी; घटना का वीडियो वायरल

मेरठ। निकाह समारोह में जहां खुशियों और जश्न का माहौल था, वहीं पति-पत्नी के बीच शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों परिवारों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट के बाद ईंट-पत्थर चलने लगे। मंगलवार रात करीब 10 बजे नौचंदी थाना क्षेत्र के ढवाई नगर में हुई इस घटना से समारोह में अफरा-तफरी मच गई। पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

तीन साल से चल रहा पति-पत्नी के बीच विवाद

जानकारी के अनुसार, काशफा और रिजवान पति-पत्नी हैं। दोनों के बीच करीब तीन साल से विवाद चल रहा है। विवाद के चलते दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। काशफा के परिजनों का आरोप है कि रिजवान दूसरा निकाह भी कर चुका है। मंगलवार रात दोनों पक्ष एक निकाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह में 200 से अधिक मेहमान मौजूद थे।

कहासुनी के बाद परिवार भी आमने-सामने

समारोह के दौरान काशफा और रिजवान का आमना-सामना हो गया। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। दोनों के परिवारों के लोग भी इसमें शामिल हो गए। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। समारोह में मौजूद लोगों ने किसी तरह खुद को बचाया।

गली में मची अफरा-तफरी, वीडियो वायरल

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। गली में भगदड़ और अफरा-तफरी जैसा माहौल नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में घटना की चर्चा तेज हो गई है।

वीडियो से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद नौचंदी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट और पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच के साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts