बूंद-बूंद पानी बचाने का लिया संकल्प, विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताए संरक्षण के तरीके

मेरठ। पानी की हर बूंद की अहमियत समझने और जल संकट की चुनौतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सर छोटूराम अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान में बुधवार को गोष्ठी आयोजित की गई। इंडियन वाटर रिसोर्सेज सोसायटी, मेरठ के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने जल संरक्षण को लेकर अपने विचार रखे और पानी की बर्बादी रोकने का संकल्प लिया।

गोष्ठी की अध्यक्षता छात्र अध्याय के अध्यक्ष शिव चौहान ने की। इसमें सोसायटी के मेरठ केंद्र के अध्यक्ष इंजीनियर एसके कुमार, संयोजक इंजीनियर बीडी शर्मा और रासायनिक अभियांत्रिकी विभाग के समन्वयक इंजीनियर अमन कुमार ने विद्यार्थियों को जल संसाधनों के महत्व से अवगत कराया। विशेषज्ञों ने सिंचाई व्यवस्था में सुधार, तालाबों को अतिक्रमण से बचाने, जल शोधन और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए जल संरक्षण में सामूहिक भागीदारी को जरूरी बताया।

छात्र अध्याय के सलाहकार इंजीनियर प्रत्यूष उपाध्याय ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान हासिल करना नहीं, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों को समझना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से जल संरक्षण जैसे मुद्दों पर आगे आकर काम करने की अपील की। इस दौरान इंडियन वाटर रिसोर्सेज सोसायटी के उद्देश्यों, कार्यशैली और देशहित में उसकी भूमिका की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम का संचालन यशवेन्द्र और नियति ने किया। संस्थान के निदेशक प्रो. नीरज सिंघल ने छात्र अध्याय के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts