अपनों को खोकर भी दूसरों को जीवन देने वाले परिवारों का होगा सम्मान

28 नवंबर को इंदौर में आयोजित होगा ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’, अंगदान के लिए प्रेरित करने वालों और चिकित्साकर्मियों को भी मिलेगा सम्मान

इंदौर। किसी अपने को खोने का दर्द असहनीय होता है, लेकिन दुख की इसी घड़ी में लिया गया एक फैसला किसी दूसरे परिवार के जीवन में खुशियां लौटा सकता है। अंगदान की इसी महान भावना को सम्मान देने के लिए संस्था ‘2030 का भारत’ 28 नवंबर को ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’ का आयोजन करेगी। इसमें उन परिवारों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने प्रियजन को खोने के बाद भी उनके अंग या टिश्यू दान कर दूसरों को नया जीवन देने का फैसला लिया।

आयोजन में अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले लोगों और अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य अंगदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना है।

तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे सम्मान

सम्मान समारोह में तीन प्रमुख श्रेणियां रखी गई हैं। पहली श्रेणी ‘जीवनदाता परिवार सम्मान’ उन परिवारों के लिए होगी, जिन्होंने अपने प्रियजन के निधन के बाद अंग या टिश्यू दान करने की सहमति दी। दूसरी श्रेणी ‘जीवन प्रेरणा सम्मान’ के तहत अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने और लोगों को इस नेक कार्य के लिए प्रेरित करने वाले व्यक्तियों एवं परिवारों को सम्मानित किया जाएगा।

तीसरी श्रेणी ‘जीवन सारथी सम्मान’ में अंगदान और अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया से जुड़े डॉक्टरों, सर्जनों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स और स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मान दिया जाएगा।

हर घर में होनी चाहिए अंगदान पर चर्चा

संस्था के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि किसी अपने को खोने का दर्द बहुत गहरा होता है, लेकिन ऐसे परिवार जो इस दुख के बावजूद किसी दूसरे की जिंदगी बचाने का निर्णय लेते हैं, वे मानवता की मिसाल पेश करते हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य सिर्फ परिवारों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि उनके साहस और संवेदनशीलता की कहानियों को समाज तक पहुंचाना है। अंगदान के महत्व पर हर घर में चर्चा होनी चाहिए, ताकि लोग सही जानकारी के साथ इस दिशा में निर्णय ले सकें।

संस्था का मानना है कि अंगदान केवल चिकित्सकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा विषय है। आज भी जानकारी के अभाव और भ्रांतियों के कारण कई लोग अंगदान को लेकर संकोच करते हैं। ऐसे में इस तरह के आयोजन लोगों को जागरूक करने और अंगदान के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’ के जरिए संस्था अंगदान करने वाले परिवारों की कहानियों को सामने लाकर समाज को यह संदेश देना चाहती है कि किसी व्यक्ति के जाने के बाद भी उसके अंग किसी दूसरे के जीवन की उम्मीद बन सकते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts