गर्भस्थ शिशु में मिली दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी, रेडक्लिफ लैब्स के शोध में TAPT1 जीन का नया वेरिएंट उजागर

सामान्य क्रोमोसोम जांच में नहीं मिला बीमारी का कारण, होल एक्सोम सीक्वेंसिंग से हुई पहचान; प्रतिष्ठित मेडिकल जर्नल में प्रकाशित हुई रिसर्च

नई दिल्ली, 4 नवंबर। गर्भस्थ शिशु में गंभीर शारीरिक असामान्यताओं के पीछे छिपे दुर्लभ आनुवंशिक कारण का पता लगाने में भारतीय शोधकर्ताओं को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। रेडक्लिफ लैब्स और सहयोगी संस्थानों के शोधकर्ताओं ने TAPT1 जीन का एक नया वेरिएंट खोजा है, जिसका संबंध नॉन-इम्यून हाइड्रॉप्स फीटेलिस (NIHF) और हड्डियों एवं कार्टिलेज के असामान्य विकास से पाया गया है। इस शोध को प्रतिष्ठित मेडिकल जर्नल ‘क्लिनिकल डिस्मॉर्फोलॉजी’ में प्रकाशित किया गया है।

शोध में बताया गया कि गर्भस्थ शिशु में शरीर के विभिन्न हिस्सों में असामान्य सूजन और तरल पदार्थ जमा होने के साथ हड्डियों के विकास में भी गड़बड़ी थी। शुरुआती क्रोमोसोम जांच में बीमारी का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया। इसके बाद उन्नत जेनेटिक जांच होल एक्सोम सीक्वेंसिंग (WES) की मदद से TAPT1 जीन में नया वेरिएंट c.1236+1G>A पहचाना गया।

अल्ट्रासाउंड में सामने आईं कई असामान्यताएं

यह मामला दूसरी तिमाही में गर्भवती 22 वर्षीय महिला से जुड़ा है। विस्तृत अल्ट्रासाउंड जांच में गर्भस्थ शिशु के शरीर में व्यापक सूजन, फेफड़ों और हृदय के आसपास तरल पदार्थ तथा पेट में असामान्य रूप से पानी जमा होने के संकेत मिले। इसके अलावा सिर का घेरा सामान्य से छोटा, लंबी हड्डियों का विकास प्रभावित और जांघ की हड्डियां मुड़ी हुई पाई गईं। दोनों पैर अंदर और नीचे की ओर मुड़े हुए थे, जिसे क्लबफुट कहा जाता है। मस्तिष्क के पिछले हिस्से में ब्लेक्स पाउच सिस्ट भी मिला।

ये लक्षण नॉन-इम्यून हाइड्रॉप्स फीटेलिस (NIHF) की ओर संकेत कर रहे थे। इस गंभीर स्थिति में गर्भस्थ शिशु के शरीर के कम से कम दो हिस्सों या गुहाओं में असामान्य रूप से तरल पदार्थ जमा हो जाता है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिनमें दुर्लभ आनुवंशिक बीमारियां भी शामिल हैं।

सामान्य जांच से नहीं मिला बीमारी का सुराग

शोधकर्ताओं ने सबसे पहले क्रोमोसोमल माइक्रोएरे एनालिसिस (CMA) की। इसमें कोई स्पष्ट क्रोमोसोमल असामान्यता या कॉपी नंबर में बदलाव नहीं मिला। इसके बाद एमनियोटिक फ्लूइड के नमूने की होल एक्सोम सीक्वेंसिंग की गई। इसमें TAPT1 जीन का नया वेरिएंट सामने आया, जिसे संभावित रूप से रोगकारी (Likely Pathogenic) माना गया।

सेंगर सीक्वेंसिंग से मां के नमूने में भी इस वेरिएंट की पुष्टि हुई। यह हेटेरोजायगस स्थिति में पाया गया। शिशु के एमनियोटिक फ्लूइड में भी इसकी पुष्टि हुई, जबकि पिता का नमूना उपलब्ध नहीं था। कंप्यूटर आधारित विश्लेषण में संकेत मिला कि यह आनुवंशिक बदलाव RNA स्प्लाइसिंग की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है। इससे एक्सॉन-11 के छूटने और TAPT1 प्रोटीन के सामान्य निर्माण में बाधा आने की आशंका है।

भारत में TAPT1 बीमारी का दूसरा प्रकाशित मामला

शोधकर्ताओं के अनुसार, रिसर्च प्रकाशित होने तक मेडिकल साहित्य में TAPT1 से जुड़े ऐसे केवल 17 मामले दर्ज थे। भारत में TAPT1 से संबंधित ऑस्टियोकॉन्ड्रोडिस्प्लेसिया का यह दूसरा प्रकाशित मामला बताया गया है। TAPT1 जीन हड्डियों और कार्टिलेज के सामान्य विकास से जुड़ी कोशिकीय प्रक्रियाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसमें रोगकारी बदलाव हड्डियों और कार्टिलेज के विकास को प्रभावित कर सकते हैं।

शोध में पश्चिमी राजस्थान में वर्ष 2026 में किए गए एक अन्य अध्ययन का भी उल्लेख है। इसमें NIHF से प्रभावित 41 शिशुओं की जांच की गई थी। इनमें से 36.6 प्रतिशत मामलों में होल एक्सोम सीक्वेंसिंग के जरिए बीमारी से जुड़े आनुवंशिक बदलावों की पहचान हुई थी।

उन्नत जेनेटिक जांच से बढ़ेंगी निदान की संभावनाएं

रिसर्च की सह-लेखिका और रेडक्लिफ लैब्स में जीनोमिक्स की लैब हेड डॉ. हिमानी पांडे ने कहा कि जटिल भ्रूण संबंधी स्थितियों में कई बार सामान्य जांचों से बीमारी का वास्तविक कारण सामने नहीं आता। ऐसे मामलों में उन्नत जीनोमिक जांच उन आनुवंशिक बदलावों की पहचान करने में मदद करती है, जिन्हें पारंपरिक जांचों से पकड़ना संभव नहीं होता। इससे बीमारी के अधिक स्पष्ट निदान और बेहतर जेनेटिक काउंसलिंग की संभावनाएं मजबूत होती हैं।

रेडक्लिफ लैब्स के संस्थापक एवं सीईओ आदित्य कांडोई ने कहा कि दुर्लभ आनुवंशिक बीमारियों के वास्तविक कारणों तक पहुंचना डॉक्टरों और परिवारों दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। इसलिए आधुनिक डायग्नोस्टिक तकनीकों और क्लिनिकल रिसर्च में निवेश जरूरी है। कंपनी का प्रयास जटिल स्वास्थ्य स्थितियों को बेहतर ढंग से समझने और उनके निदान में योगदान देना है।

शोध में यह भी रेखांकित किया गया कि अल्ट्रासाउंड, क्रोमोसोमल माइक्रोएरे एनालिसिस और होल एक्सोम सीक्वेंसिंग जैसी जांचों का समन्वित इस्तेमाल जटिल भ्रूण संबंधी बीमारियों के संभावित आनुवंशिक कारणों को समझने में मदद कर सकता है। इससे डॉक्टरों को निदान, जेनेटिक काउंसलिंग और भविष्य की गर्भावस्था से जुड़े निर्णयों में उपयोगी जानकारी मिल सकती है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts