धनतेरस पर सिमरन कौर बोलीं- प्यार और सुकून से भरा घर ही असली दौलत

अनमोल टीवी के शो ‘हमारी राधा’ की अभिनेत्री ने साझा कीं बचपन की यादें, कहा- त्योहार सिर्फ सोना-चांदी खरीदने तक सीमित नहीं

मेरठ। धनतेरस का त्योहार सिर्फ सोना-चांदी खरीदने और घर में मां लक्ष्मी के स्वागत का अवसर नहीं, बल्कि परिवार के साथ खुशियां बांटने और रिश्तों को संजोने का भी पर्व है। अनमोल टीवी के पहले ओरिजिनल शो ‘हमारी राधा’ में राधा का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री सिमरन कौर ने धनतेरस को लेकर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि प्यार, सुरक्षा और मन की शांति से भरा घर ही इंसान की असली दौलत है।

सिमरन ने बताया कि धनतेरस से उनकी बचपन की कई खूबसूरत यादें जुड़ी हैं। उनके माता-पिता हर साल इस दिन घर के लिए सोना या कोई कीमती वस्तु खरीदते थे। परिवार में इस परंपरा को लेकर खास उत्साह रहता था। यही वजह है कि आज भी वह धनतेरस पर कोई न कोई खास चीज खरीदकर इस पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ाती हैं।

परिवार की खुशियां ही सबसे बड़ी पूंजी

अभिनेत्री ने कहा कि धनतेरस उनके लिए केवल खरीदारी का त्योहार नहीं है। यह मां लक्ष्मी का स्वागत करने और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करने का अवसर है। उनके अनुसार, जीवन में धन-दौलत के साथ प्यार, सुरक्षा और मानसिक शांति भी बेहद जरूरी है। इस धनतेरस पर उनकी कामना है कि हर परिवार को आर्थिक स्थिरता मिले, लोग अपने सपने पूरे कर सकें और जीवन में मुस्कुराने के अनगिनत अवसर मिलें।

‘हमारी राधा’ में जारी है रिश्तों का ड्रामा

शो की कहानी में इन दिनों गिरधर (अक्षय म्हात्रे) और शनाया (वैदेही नायर) की नजदीकियां बढ़ रही हैं। वहीं, गिरधर से धोखा मिलने के बाद राधा ने बदला लेने का फैसला किया है। वह शनाया का सामना कर रही है और गिरधर को दोबारा पाने की उम्मीद भी लगाए हुए है।

‘हमारी राधा’ का प्रसारण हर रात 9:30 बजे अनमोल टीवी पर किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts