गुणवत्ता जांच के तीन दिन बाद ही आरोग्य मंदिर में चोरी, बैटरी-इन्वर्टर ले उड़े चोर

हस्तिनापुर के सैफपुर कर्मचंदपुर स्वास्थ्य केंद्र को बनाया निशाना, बिजली व्यवस्था ठप होने से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की बढ़ी परेशानी

मेरठ। जिस आयुष्मान आरोग्य मंदिर की तीन दिन पहले राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत गुणवत्ता परखी गई थी, उसी स्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा में सेंध लगाकर चोर बैटरी और इन्वर्टर चोरी कर ले गए। हस्तिनापुर क्षेत्र के सैफपुर कर्मचंदपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र में हुई इस घटना से स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। उपकरण चोरी होने से केंद्र के कामकाज और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर असर पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को स्वास्थ्य केंद्र का एनक्यूएएस के तहत वर्चुअल असेसमेंट किया गया था। इसके तीन दिन बाद ही चोरों ने केंद्र को निशाना बनाते हुए वहां रखी बैटरी और इन्वर्टर पर हाथ साफ कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र में तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) गुलशन और एएनएम रीता शर्मा को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने थाना हस्तिनापुर पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर दी।

निरीक्षण से पहले लगाए गए थे नए उपकरण

स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात अधिकारियों के अनुसार, गुणवत्ता मूल्यांकन से पहले ही केंद्र में नया सामान और उपकरण लगाए गए थे। चोर बैटरी और इन्वर्टर समेत जरूरी सामान चोरी कर ले गए। बिजली बैकअप की व्यवस्था प्रभावित होने से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में परेशानी आ रही है। इलाज के लिए पहुंचने वाले ग्रामीण मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर

आयुष्मान आरोग्य मंदिर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में बिजली बैकअप के उपकरण चोरी होने से स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता प्रभावित होने की आशंका है। स्वास्थ्यकर्मियों ने पुलिस से जल्द चोरी का खुलासा कर सामान बरामद कराने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts