मेरठ में जुटेगा स्टार्टअप और नवाचार का बड़ा मंच, 28 नवंबर को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आएंगी
सीसीएसयू में होगा पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026, 11 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि और निवेशक होंगे शामिल
60 से अधिक स्टॉलों पर दिखेगी युवाओं की प्रतिभा, नए आइडिया और तकनीक को मिलेगा निवेशकों के सामने रखने का मौका
मेरठ। युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने की दिशा में मेरठ में बड़ा आयोजन होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल आगामी 28 नवंबर को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय पहुंचेंगी। यहां उनकी अध्यक्षता और प्रेरणा से 'पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026' आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के 11 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधिमंडल, कुलपति, शिक्षाविद, युवा उद्यमी और निवेशक हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालयों में विकसित हो रहे नवाचारों को उद्योग और निवेश की संभावनाओं से जोड़ना तथा युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना है। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों की सहभागिता भी रहेगी।
60 से अधिक स्टॉलों पर दिखेगा युवाओं का हुनर
स्टार्टअप संवाद का प्रमुख आकर्षण नवाचार प्रदर्शनी होगी। इसमें 60 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इन पर विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, युवा नवाचारकर्ता और स्टार्टअप उद्यमी अपने नए विचारों, तकनीकों, उत्पादों और मॉडल का प्रदर्शन करेंगे। युवाओं को अपने आइडिया को व्यावहारिक रूप देने और विकसित उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा।
निवेशकों के सामने रख सकेंगे अपने आइडिया
तीन सत्रों में आयोजित होने वाले इस संवाद में विश्वविद्यालयों, उद्योग जगत, उद्यमियों और निवेशकों के बीच सीधा संवाद होगा। इसमें व्यवसाय शुरू करने, नवाचार को व्यावसायिक रूप देने, वित्तीय सहयोग जुटाने और निवेश प्राप्त करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। युवा उद्यमियों को अपने स्टार्टअप की संभावनाएं निवेशकों के सामने रखने का भी मौका मिलेगा।
आयोजन के जरिए विश्वविद्यालयों में शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ युवाओं के लिए उद्यमिता का अनुकूल माहौल तैयार करने की कोशिश की जाएगी। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को विस्तार देने और नए रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में भी पहल होगी।


No comments:
Post a Comment