शोध और नवाचार की नई साझेदारी: शोभित विवि ने एचबीटीयू कानपुर के साथ मिलाया हाथ
दोनों संस्थानों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर, संयुक्त शोध, स्टार्टअप और उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा; विद्यार्थियों के लिए खुलेंगे नए अवसर
मेरठ। उच्च शिक्षा को शोध, तकनीक और नवाचार से जोड़ने की दिशा में शोभित विश्वविद्यालय ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। विश्वविद्यालय ने कानपुर के प्रतिष्ठित हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (एचबीटीयू) के साथ शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी से दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को ज्ञान एवं विशेषज्ञता के आदान-प्रदान के नए अवसर मिलेंगे।
समझौते का उद्देश्य दोनों विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक क्षमताओं और शोध संसाधनों का साझा उपयोग कर अनुसंधान एवं नवाचार को नई दिशा देना है। इसके तहत संयुक्त शोध परियोजनाएं, अकादमिक कार्यक्रम, कार्यशालाएं, सम्मेलन, शोध मार्गदर्शन और संयुक्त शोध प्रकाशनों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा स्टार्टअप और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए भी दोनों संस्थान मिलकर काम करेंगे।
शिक्षा के साथ शोध और उद्योग से जुड़ेंगे विद्यार्थी
एमओयू के माध्यम से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को संयुक्त शोध गतिविधियों में भाग लेने तथा विशेषज्ञों के अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा। दोनों विश्वविद्यालय नवाचार आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ उद्योग और अकादमिक जगत के बीच बेहतर तालमेल विकसित करने की दिशा में भी प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर एचबीटीयू, कानपुर की ओर से कुलपति प्रो. शमशेर, कुलसचिव अमित कुमार राठौर और डीन, स्कूल ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी प्रो. पीकेएस यादव सहित अन्य संकाय सदस्य मौजूद रहे। शोभित विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. वीके त्यागी और कुलसचिव डॉ. पंकज राणा ने प्रतिनिधित्व किया।
कुलपति प्रो. वीके त्यागी ने कहा कि एचबीटीयू जैसे प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान के साथ यह साझेदारी शैक्षणिक और अनुसंधान सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। इसके माध्यम से संयुक्त अनुसंधान, नवाचार और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही विद्यार्थियों के लिए उद्योग और अकादमिक जगत से जुड़े नए अवसर तैयार होंगे।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, अनुसंधान संस्कृति और युवाओं की नवाचार क्षमता को मजबूत करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। यह समझौता दोनों संस्थानों के बीच सहयोग के साथ ही ज्ञान आधारित समाज और राष्ट्र निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


No comments:
Post a Comment