खेलों के मैदान में आईआईएमटी का दबदबा, 22 पदकों के साथ बना चैंपियन
एपीजे अब्दुल कलाम स्पोर्ट्स फेस्ट में आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज ने लहराया परचम, मेरठ के एमआईईटी ने भी 17 पदक जीतकर दिखाई दमदार प्रतिभा
मेरठ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 में आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। दो दिवसीय खेल महोत्सव में आईआईएमटी के खिलाड़ियों ने 8 स्वर्ण, 12 रजत और 2 कांस्य पदक समेत कुल 22 पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, बिजनौर के आरईसी ने 19 और मेरठ के एमआईईटी ने 17 पदक हासिल कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित इस खेल महोत्सव में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से संबद्ध 17 कॉलेजों के 800 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। दो दिनों तक मैदान पर खिलाड़ियों के बीच जीत के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला। एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो, टेबल टेनिस, शतरंज और बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
आरईसी और एमआईईटी ने भी दिखाया दम
पदक तालिका में आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज 22 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा। आरईसी बिजनौर ने 8 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य सहित कुल 19 पदक जीते। वहीं, एमआईईटी मेरठ ने 8 स्वर्ण, 8 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल कर कुल 17 पदकों के साथ अपनी प्रतिभा साबित की।
विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल के साथ नकद पुरस्कार
शनिवार को आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागार में आयोजित समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। आईआईएमटी समूह के चेयरमैन योगेश मोहनजी गुप्ता की ओर से प्रत्येक विजेता को एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। एकेटीयू के ऑब्जर्वर प्रदीप कुमार और कॉलेज निदेशक डॉ. धीरेन्द्र कुमार ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए।
इस मौके पर चेयरमैन योगेश मोहनजी गुप्ता ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। इनसे अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेलों में भागीदारी, निरंतर प्रयास और खेल भावना है। वहीं, निदेशक डॉ. धीरेन्द्र कुमार ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करती हैं।
कार्यक्रम का संचालन शिखा दुबे और डॉ. पारमिता ने किया। आयोजन को सफल बनाने में निदेशक प्रशासन डॉ. संदीप कुमार, डीन एक्टिविटी डॉ. लखविंदर सिंह, निदेशक रेडियो आईआईएमटी डॉ. सुगंधा श्रोत्रिय, कार्यक्रम समन्वयक नदीम सहित शिक्षकों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।


No comments:
Post a Comment