दिवाली धरने पर गुजरी, अब भूख हड़ताल की तैयारी; 20 दिन से MDA में डटे किसान

प्रतिकर और विकसित प्लॉट के लिए किसानों का आर-पार का ऐलान, उपाध्यक्ष से वार्ता भी नहीं निकाल सकी समाधान

मेरठ। 20 दिन बीत गए, दिवाली भी धरनास्थल पर मना ली, लेकिन मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) के खिलाफ किसानों का गुस्सा कम होने के बजाय बढ़ता जा रहा है। लोहियानगर, गंगानगर और वेदव्यासपुरी योजना के प्रभावित किसान शनिवार को भी प्राधिकरण परिसर में डटे रहे। अब किसानों ने दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए साफ कर दिया है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो भूख हड़ताल शुरू कर दी जाएगी और महापंचायत बुलाकर आंदोलन को निर्णायक मोड़ दिया जाएगा।

शनिवार को एमडीए उपाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह मलिक किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने धरनारत किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने लंबे समय से अटके प्रतिकर का भुगतान और विकसित प्लॉट आवंटित करने की मांग दोहराई। हालांकि, बातचीत के बाद भी कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। किसानों को न तो समाधान मिला और न ही मांगें पूरी होने का स्पष्ट आश्वासन।

धरनास्थल ही बना किसानों का ठिकाना

किसानों का कहना है कि वे लंबे समय से अपने हक के लिए आवाज उठा रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण की ओर से कार्रवाई नहीं हो रही। आंदोलन के दौरान किसानों ने दिवाली भी धरनास्थल पर मनाई थी। भाई दूज पर महिलाओं ने भी पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया था। किसानों ने दो टूक कहा कि जब तक बकाया प्रतिकर और विकसित प्लॉट नहीं मिलते, आंदोलन खत्म नहीं होगा। अब दो दिन बाद आंदोलन की अगली रणनीति भूख हड़ताल और महापंचायत के रूप में सामने आएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts