नन्हे सितारों ने फैंसी ड्रेस में दिखाई प्रतिभा, अनूठे अंदाज में समझाए शैक्षिक विषय

केएल  इंटरनेशनल स्कूल में इंटर-हाउस फैंटेसी प्रतियोगिता का आयोजन, प्रेरणा हाउस प्रथम और प्रयास हाउस दूसरे स्थान पर रहा

मेरठ। केएल  इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा एक और दो के नन्हे विद्यार्थियों के लिए इंटर-हाउस फैंटेसी (फैंसी ड्रेस) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने रंग-बिरंगी वेशभूषा, आकर्षक अभिनय और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि नन्हे प्रतिभागियों ने पढ़ाई से जुड़े विषयों को कल्पनाशील अंदाज में मंच पर जीवंत कर दिया।

प्रतियोगिता में प्रत्येक हाउस को अलग-अलग शैक्षिक विषय दिए गए थे। प्रगति हाउस के विद्यार्थियों ने अंग्रेजी के वर्ब्स, कंजंक्शन और वन-मैनी के विषयों को प्रस्तुत किया। प्रयास हाउस ने ईवीएस के अंतर्गत जानवरों से मिलने वाली वस्तुओं, विभिन्न भू-आकृतियों और बीजों के अंकुरण को दर्शाया। प्रेरणा हाउस के बच्चों ने हिंदी के विशेषण, विलोम शब्द और सर्वनाम पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। वहीं, प्रकाश हाउस ने गणित के समय, धन और गुणा जैसे विषयों को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया।

बच्चों ने अपने अभिनय और संवादों के जरिए कठिन लगने वाले शैक्षिक विषयों को भी बेहद सरल और मनोरंजक बना दिया। उनकी आकर्षक वेशभूषा और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। अभिभावकों ने भी बच्चों के प्रयासों और प्रस्तुतियों की खूब सराहना की।

प्रतियोगिता में प्रेरणा हाउस ने प्रथम, प्रयास हाउस ने द्वितीय तथा प्रगति और प्रकाश हाउस ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने प्रतिभागियों के उत्साह, रचनात्मकता और प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts