38 करोड़ से संवरेगा कृषि विश्वविद्यालय का परिसर, बनेगा भव्य स्वामी विवेकानंद सभागार

1500 लोगों के बैठने की होगी क्षमता, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया शिलान्यास; हाईटेक नर्सरी से एआई सेंटर तक विकास कार्यों का लिया जायजा

मेरठ। कृषि शिक्षा, शोध और तकनीकी नवाचार को नई ऊंचाई देने की तैयारी है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 1500 लोगों की क्षमता वाला स्वामी विवेकानंद सभागार आकार लेगा। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को 38.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस सभागार का शिलान्यास किया। मार्च 2028 तक इसे तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लाइब्रेरी के पीछे बनने वाला यह सभागार बड़े शैक्षणिक आयोजनों, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों और शोध गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

सभागार का निर्माण उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड करेगा। इसके बनने से विश्वविद्यालय को बड़े आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधा मिलेगी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शैक्षणिक गतिविधियों को नया मंच उपलब्ध होगा।

74,600 पौध से किसानों को मिलेगा लाभ

विश्वविद्यालय के दौरे के दौरान राज्यपाल ने हाईटेक सब्जी पौधशाला का निरीक्षण किया। यहां फूलगोभी, ब्रोकली, शिमला मिर्च, बैंगन और टमाटर समेत विभिन्न सब्जियों की 74,600 पौध तैयार की गई हैं। इनमें 58 हजार पौध किसानों के अपने बीज से तैयार हुई हैं, जबकि 16,600 पौध किसानों को उपलब्ध कराई जाएंगी। उद्यान अनुसंधान केंद्र में उन्होंने हल्दी की वल्लभ प्रिया प्रजाति के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों को परंपरागत फसलों के साथ फसल विविधीकरण अपनाने के लिए प्रेरित किया।

पशुपालन से बढ़ेगी किसानों की आय

समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने खेती के साथ पशुपालन को भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि मौसम की अनिश्चितता और अचानक बारिश से फसल खराब होने पर पशुपालन किसानों को आय का दूसरा विकल्प दे सकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय में कृत्रिम गर्भाधान की प्रयोगशाला स्थापित करने का सुझाव दिया, ताकि विद्यार्थियों और क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण मिल सके।

विद्यार्थियों को गांव में जैविक खेती की सीख

राज्यपाल ने विद्यार्थियों की ओर से संचालित कोऑपरेटिव मेस की सराहना की। उन्होंने छात्राओं को भी महीने में एक बार अपने हाथों से भोजन तैयार करने की गतिविधि में शामिल होने का सुझाव दिया। विद्यार्थियों से अपने गांव में थोड़ी सी जमीन पर जैविक खेती शुरू करने और विश्वविद्यालय से सीखी तकनीकों को परिवार तथा ग्रामीणों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

रजत जयंती वन में रोपा लाल चंपा

विश्वविद्यालय के रजत जयंती वर्ष पर विकसित दो एकड़ के रजत जयंती वन में राज्यपाल ने लाल चंपा का पौधा लगाया। इस वन में 11 प्रजातियों के 310 पौधे लगाए गए हैं। यहां फूलगोभी, ब्रोकली, पातगोभी, चुकंदर और गाजर की अंतर्वर्ती खेती भी हो रही है। बीएससी उद्यान द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी इस माध्यम से फसल उत्पादन और पौध प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण ले रहे हैं।

एआई सेंटर में देखी नवाचार की तैयारी

राज्यपाल ने कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इनक्यूबेशन एवं एंटरप्रेन्योर सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी ली। इस दौरान कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts