1857 की क्रांति के नायक धन सिंह कोतवाल को जयंती पर किया नमन

सीसीएसयू में गूंजा शहीद की वीरता और बलिदान का गौरवगान, कुलपति ने कहा- युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे धन सिंह कोतवाल

मेरठ। देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले 1857 की प्रथम स्वाधीनता क्रांति के महानायक शहीद धन सिंह कोतवाल की जयंती पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आया। विश्वविद्यालय परिसर स्थित धन सिंह कोतवाल कम्युनिटी सेंटर में उनकी प्रतिमा पर कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के नेतृत्व में माल्यार्पण कर वीर सपूत को नमन किया गया।

इस दौरान शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण को याद किया।

कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि शहीद धन सिंह कोतवाल का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उनका जीवन त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति की ऐसी मिसाल है, जो युगों-युगों तक देश की युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में प्रो. बीरपाल सिंह, कुलसचिव ए.के. यादव, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. जमाल अहमद सिद्दीकी, डॉ. विवेक त्यागी और साहित्यिक-सांस्कृतिक परिषद के समन्वयक प्रो. कृष्णकांत शर्मा सहित परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शहीद के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts