यूपी में बड़ा पुलिस फेरबदल: 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, चार पुलिस कमिश्नर बदले
नोएडा की लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद की जिम्मेदारी, जे. रविंद्र गौड़ बने नोएडा के नए पुलिस कमिश्नर; वाराणसी और प्रयागराज में भी नई तैनाती
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को योगी सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस बदलाव में वाराणसी, प्रयागराज, नोएडा और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर बदल दिए गए हैं। इसके अलावा कई डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। अयोध्या और मुरादाबाद के एसएसपी भी बदल दिए गए हैं।
सबसे अहम बदलाव नोएडा और गाजियाबाद में हुआ है। नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ को नोएडा भेजा गया है। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज की कमान सौंपी गई है। वहीं, लखनऊ में आईजी के पद पर तैनात किरण एस को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, लखनऊ भेजा गया है।
एडीजी स्तर पर भी बड़ा बदलाव
बरेली की एडीजी रमित शर्मा को एडीजी स्थापना, लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है। लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली भेजा गया है। अलीगढ़ के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ, सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा और आगरा के डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय को अलीगढ़ भेजा गया है। डीआईजी तकनीकी सेवाएं आशीष तिवारी अब सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी होंगे।
अयोध्या और मुरादाबाद के एसएसपी भी बदले
अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है, जबकि मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है। नोएडा की डीसीपी सुनीति को पुलिस मुख्यालय, लखनऊ में एसपी बनाया गया है।
पीएसी और अन्य इकाइयों में भी तैनाती
बरेली में सेनानायक रहे आकाश तोमर को पुलिस अकादमी, मुरादाबाद में एसपी बनाया गया है। सेनानायक अमित कुमार को ईओडब्ल्यू, लखनऊ भेजा गया है। नरेंद्र कुमार सिंह को पीटीसी सीतापुर, डॉ. अनिल कुमार पांडेय को कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, लखनऊ और त्रिभुवन सिंह को एसपी जीआरपी, लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है।
सुशील कुमार शुक्ला को गोरखपुर पीटीएस में एसपी तथा अजीत कुमार सिन्हा को यूपी पावर कॉरपोरेशन, लखनऊ में एसपी बनाया गया है। कानपुर नगर के डीसीपी दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज और प्रयागराज के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर भेजा गया है। नोएडा की डीसीपी प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा का सेनानायक बनाया गया है।
तीन अधिकारियों के पूर्व तबादले निरस्त
तबादला सूची में कुछ पूर्व आदेशों में भी संशोधन किया गया है। पुनीत द्विवेदी को लखनऊ के बजाय गाजियाबाद में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। वाराणसी की एडीसीपी नीतू को गौतमबुद्धनगर के बजाय लखनऊ भेजा गया है। वहीं, लखनऊ के एडीसीपी अमित कुमावत को गाजियाबाद के बजाय आगरा में तैनाती दी गई है।
तबादलों को लेकर प्रकाशित रिपोर्ट में बताया गया है कि चुनाव आयोग के निर्देशों के क्रम में तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों को हटाने की प्रक्रिया के तहत यह फेरबदल किया गया है।


No comments:
Post a Comment