राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आज आएंगी मेरठ, सीसीएसयू में सजेगा पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद का मंच
11 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधिमंडल, कुलपति, युवा उद्यमी और निवेशक होंगे शामिल, 60 से अधिक स्टॉल पर दिखेगा विद्यार्थियों का नवाचार; सुरक्षा के चलते आम छात्रों और बाहरी लोगों की एंट्री पर रहेगी रोक
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) में शनिवार को पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026 का आयोजन होगा। इसमें प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल शामिल होंगी। उनके आगमन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान आम छात्रों और बाहरी लोगों का विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
11 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधिमंडल करेंगे प्रतिभाग
पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद में प्रदेश के 11 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेंगे। इनमें कुलपति, शिक्षाविद, युवा उद्यमी और निवेशक भी शामिल होंगे। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय की सहभागिता भी रहेगी। आयोजन के दौरान 60 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें विद्यार्थी अपने नवाचार, नए उत्पाद, आधुनिक तकनीक और स्टार्टअप से जुड़े मॉडल प्रदर्शित करेंगे। विद्यार्थियों को अपने विचार और तकनीकी प्रयोग विशेषज्ञों तथा निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
तीन सत्रों में नवाचार और उद्यमिता पर मंथन
संवाद के दौरान तीन सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें नवाचार, स्वरोजगार और उद्यमिता की संभावनाओं पर चर्चा होगी। युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने, नए व्यावसायिक विचारों को विकसित करने और उन्हें धरातल पर उतारने के विभिन्न पहलुओं से रूबरू कराया जाएगा। शिक्षाविदों, उद्यमियों और निवेशकों के बीच संवाद के जरिए विद्यार्थियों को नए अवसरों और संभावनाओं की जानकारी मिलेगी। स्टॉल पर प्रदर्शित होने वाले मॉडल आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
सुरक्षा के घेरे में रहेगा विश्वविद्यालय परिसर
राज्यपाल के आगमन को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। कार्यक्रम स्थल से लेकर परिसर के प्रमुख प्रवेश द्वारों तक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ाई जाएगी। अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। साफ-सफाई, अतिथियों के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आम छात्रों और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक रहेगी। केवल अधिकृत अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन से जुड़े लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का जोर आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर है।


No comments:
Post a Comment