विशेष बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देख खिल उठे सैन्य अधिकारियों के चेहरे, मिलिट्री डॉग्स ने दी कैनाइन थेरेपी

आशा स्कूल में बच्चों के बीच पहुंचे जीओसी मेजर जनरल सुमित राणा, बोले- ये बच्चे ईश्वर का विशेष वरदान; स्कूल को दो लाख की मदद और हर साल सर्वश्रेष्ठ बच्चे को मिलेगी रोलिंग ट्राफी

मेरठ। विशेष जरूरत वाले बच्चों की प्रतिभा को पहचानने, उनका हौसला बढ़ाने और उनके साथ खुशियां बांटने के लिए शुक्रवार को सैन्य अधिकारी आशा स्कूल पहुंचे। यहां बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, खिलखिलाहट और प्रतिभा ने सभी का दिल जीत लिया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल सुमित राणा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इन्हें किसी कमी के नजरिए से नहीं, बल्कि ईश्वर के विशेष वरदान के रूप में देखना चाहिए। ये बच्चे कमजोर नहीं, बल्कि विशेष क्षमताओं और संवेदनशीलता से भरपूर हैं।

कार्यक्रम में बच्चों ने स्वागत नृत्य और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित गीत 'ना काटो मुझे, बड़ा दुखता है' पर शानदार प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुतियों ने सैन्य अधिकारियों और अन्य अतिथियों को भावुक कर दिया। जादूगर पाशा ने जादू के करतब दिखाकर बच्चों का मनोरंजन किया। हर करतब के साथ बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्सुकता देखने लायक थी।

मुन्ना और डेविड बने बच्चों के आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण आरवीसी सेंटर एंड कॉलेज के प्रशिक्षित सैन्य श्वान मुन्ना और डेविड रहे। दोनों सैन्य डॉग्स ने बच्चों के बीच समय बिताया और उन्हें कैनाइन थेरेपी दी। सैन्य श्वानों को अपने बीच पाकर बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। उनके साथ बच्चों की आत्मीयता और सहज जुड़ाव ने आयोजन को यादगार बना दिया। सैन्य अधिकारियों ने बच्चों को उपहार भी भेंट किए।

अभिभावकों के संघर्ष और समर्पण को सराहा

मेजर जनरल सुमित राणा ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के अभिभावकों का धैर्य, त्याग और समर्पण सराहनीय है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की क्षमताओं पर भरोसा रखने और उन्हें किसी से कम नहीं आंकने की अपील की। उन्होंने जीवन की चुनौतियों को सकारात्मकता के साथ स्वीकार करने का संदेश देते हुए कहा कि बच्चों में आत्मविश्वास जगाना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सेना का संगठन ही नहीं, बल्कि वह और उनकी पत्नी भी जरूरत पड़ने पर बच्चों और उनके परिवारों के साथ खड़े रहेंगे।

विधि की नई ड्रेस के लिए 5100 रुपये, स्कूल को दो लाख

कार्यक्रम में छात्रा विधि यादव की प्रतिभा की विशेष सराहना की गई। मेजर जनरल सुमित राणा ने बताया कि विधि पिछले डेढ़ साल से एक ही ड्रेस में प्रस्तुतियां दे रही हैं। उन्होंने उसकी नई ड्रेस तैयार कराने के लिए 5100 रुपये देने की घोषणा की। साथ ही आशा स्कूल को दो लाख रुपये का चेक भी सौंपा। स्कूल प्रबंधन को इस राशि का इस्तेमाल बच्चों की जरूरतों और सुविधाओं के अनुसार करने की स्वतंत्रता दी।

हर साल चुने जाएंगे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बच्चे

बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मेजर जनरल सुमित राणा ने स्कूल में अपनी ओर से विशेष रोलिंग ट्राफी शुरू करने की घोषणा की। यह ट्राफी हर साल शिक्षकों की ओर से चयनित सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बच्चे को दी जाएगी। चयन के मानदंड स्कूल के शिक्षक ही तय करेंगे।

कार्यक्रम में स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर एसके सिंह, अस्पताल के कमांडेंट ब्रिगेडियर सीपी सिंह, वरिष्ठ रजिस्ट्रार कर्नल अशोक कुमार सहित अन्य सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन ने संदेश दिया कि विशेष बच्चों को दया नहीं, बल्कि सम्मान, अवसर और प्रोत्साहन की जरूरत है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts