शहीद धन सिंह कोतवाल की जयंती पर शहीद स्मारक में प्रेरणा यज्ञ, किसानों के हक की लड़ाई का लिया संकल्प

भाकियू धन सिंह कोतवाल ने मनाया स्थापना दिवस, लोकदल नेता प्रतीक जैन समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि

मेरठ। 1857 की क्रांति के महानायक शहीद धन सिंह कोतवाल की जयंती और भारतीय किसान यूनियन धन सिंह कोतवाल के स्थापना दिवस पर शुक्रवार को शहीद स्मारक में प्रेरणा यज्ञ का आयोजन किया गया। भारतीय किसान यूनियन की मेरठ टीम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। लोकदल नेता प्रतीक जैन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

प्रेरणा यज्ञ में आहुतियां देकर क्रांतिकारी धन सिंह कोतवाल को नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और देश के किसानों व युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।

आजादी के इतिहास में धन सिंह कोतवाल का महत्वपूर्ण योगदान

कार्यक्रम में पहुंचे भारतीय किसान यूनियन धन सिंह कोतवाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुर्जर ने कहा कि 1857 की क्रांति के महानायक धन सिंह कोतवाल ने मेरठ की क्रांतिकारी धरती से प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का बिगुल फूंका था। वह भारत माता के वीर सपूत थे और देश की आजादी के इतिहास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उन्होंने कहा कि जयंती पर प्रेरणा यज्ञ आयोजित करने का उद्देश्य नई पीढ़ी को उनके विचारों, साहस और संघर्ष से परिचित कराना है। उनके आदर्श आज भी किसानों, युवाओं और समाज के हर वर्ग को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts