बेंच की हुंकार से हिला सर्किट हाउस, वकीलों के तेवर देख बदला डिप्टी सीएम का रास्ता

50 साल पुरानी मांग पर अधिवक्ताओं का शक्ति प्रदर्शन, केशव मौर्य की बैठक टली; शास्त्रीनगर से सीधे परतापुर हवाई पट्टी रवाना हुए डिप्टी सीएम

मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने सर्किट हाउस पर जोरदार प्रदर्शन कर अपनी ताकत दिखाई। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के पहुंचने से पहले ही बड़ी संख्या में वकीलों ने सर्किट हाउस घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी। अधिवक्ताओं के प्रदर्शन से प्रशासनिक हलचल बढ़ गई। हालात ऐसे बने कि डिप्टी सीएम का निर्धारित कार्यक्रम ही बदलना पड़ा।

वकीलों का कहना है कि पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच की मांग करीब 50 वर्षों से उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ। इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने के लिए पश्चिमी यूपी के लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। मेरठ में बेंच स्थापित होने से करोड़ों लोगों को सुलभ और सस्ता न्याय मिल सकेगा।

वार्ता की बनी सहमति, लेकिन नहीं पहुंचे डिप्टी सीएम

प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने डिप्टी सीएम से मुलाकात कर मांग रखने की बात कही। वार्ता कराने पर सहमति भी बनी, लेकिन उनका सर्किट हाउस पहुंचने का कार्यक्रम टल गया। वकीलों ने साफ किया कि हाईकोर्ट बेंच की स्थापना तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

सर्किट हाउस की बैठक छोड़ सीधे परतापुर पहुंचे मौर्य

कार्यक्रम के अनुसार डिप्टी सीएम को मंत्री सोमेंद्र तोमर के आवास से निकलकर सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक करनी थी, लेकिन प्रदर्शन के बाद कार्यक्रम में बदलाव किया गया। डिप्टी सीएम शास्त्रीनगर से सीधे परतापुर हवाई पट्टी रवाना हो गए। सर्किट हाउस की प्रस्तावित बैठक भी नहीं हो सकी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts