आधार के इंतजार में नौनिहाल, पांच साल तक के बच्चों का पंजीकरण सिर्फ 32 फीसदी
सीडीओ ने विभागों को लगाई तेजी से काम करने की हिदायत, स्कूलों में लगेंगे विशेष शिविर; 13 निष्क्रिय आधार किट भी होंगी चालू
मेरठ। जिले में पांच साल तक के बच्चों को आधार से जोड़ने की मुहिम सुस्त पड़ी है। आंकड़ों के मुताबिक इस आयु वर्ग के महज 32 प्रतिशत बच्चों का ही आधार नामांकन हो पाया है। इस स्थिति पर मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार ने चिंता जताते हुए संबंधित विभागों को अभियान चलाकर पंजीकरण बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र बनते ही आधार नामांकन की प्रक्रिया भी पूरी कराई जाए, ताकि उन्हें भविष्य में सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।
गुरुवार को जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक में यूआईडीएआई के सहायक प्रबंधक ने जिले की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बताया गया कि जनपद में कुल 237 आधार किट सक्रिय हैं। पांच वर्ष से अधिक आयु वर्ग में आधार जनरेशन का प्रतिशत शत-प्रतिशत से अधिक है, लेकिन 0 से 5 वर्ष के बच्चों के मामले में स्थिति कमजोर है।
स्कूलों में लगेंगे आधार शिविर
सीडीओ ने बेसिक शिक्षा विभाग, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक और श्रीट्रोन इंडिया को आपसी तालमेल से विद्यालयों में विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। इन शिविरों के माध्यम से 5 से 15 वर्ष तक के बच्चों का लंबित बायोमेट्रिक अपडेट पूरा कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग को जन्म प्रमाण पत्र जारी होते ही बच्चों का आधार पंजीकरण कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
13 आधार किट बंद, तत्काल चालू कराने के निर्देश
समीक्षा में महिला एवं बाल कल्याण विभाग की 13 आधार किट निष्क्रिय होने का मामला भी सामने आया। सीडीओ ने इन्हें सॉफ्टवेयर अपडेट कर तत्काल सक्रिय कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी आधार केंद्रों पर पहुंचने वाले नागरिकों का नामांकन और अपडेट अनिवार्य रूप से करने को कहा।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी धर्मवीर सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी, प्रधान डाकघर और बीएसएनएल के प्रतिनिधि, यूआईडीएआई के सहायक प्रबंधक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment