विराट कोहली की मिसाल देकर डॉ. युद्धवीर सिंह ने भरा खिलाड़ियों में जोश, बोले- लक्ष्य बड़ा रखो, मेहनत से हासिल करो

माछरा इंटर कॉलेज में नवनिर्मित भवन का लोकार्पण, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान; बोले- ग्रामीण प्रतिभाओं में भी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने का दम

मेरठ। सपने बड़े हों और उन्हें पूरा करने का जुनून हो तो गांव की गलियों से निकलकर भी दुनिया में पहचान बनाई जा सकती है। मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की असली कुंजी हैं। यह संदेश भारतीय क्रिकेट जगत की जानी-मानी हस्ती, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व निदेशक एवं मेरठ कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. युद्धवीर सिंह ने शुक्रवार को चौधरी प्रेमनाथ सिंह किसान इंटर कॉलेज, माछरा में विद्यार्थियों को दिया। उन्होंने विद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करने के साथ मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय संस्थापक चौधरी शिवनाथ सिंह सांडिल्य की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद डॉ. युद्धवीर सिंह ने नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। विद्यालय प्रबंधक अमित कुमार त्यागी और प्रधानाचार्य राजेश कुमार त्यागी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

विराट कोहली की सफलता से लें प्रेरणा

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. युद्धवीर सिंह ने कहा कि विराट कोहली ने प्रतिभा के साथ निरंतर अभ्यास, फिटनेस, अनुशासन और कठिन परिश्रम के दम पर विश्व क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यार्थियों को भी पढ़ाई और खेल दोनों में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। पढ़ाई ज्ञान और विवेक देती है, जबकि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने सपनों को छोटा न रखें। मैदान हो या पढ़ाई, ईमानदारी और अनुशासन के साथ किया गया निरंतर अभ्यास सफलता का रास्ता खोलता है।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिले अवसर तो रच सकती हैं इतिहास

डॉ. सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर देने की है। माछरा इंटर कॉलेज के तीन विद्यार्थी पिछले एक साल में अंडर-14 और अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। यह उपलब्धि बताती है कि ग्रामीण क्षेत्र में भी क्रिकेट प्रतिभाएं निखर रही हैं।

मुख्यमंत्री पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुका है विद्यालय

प्रधानाचार्य राजेश कुमार त्यागी के नेतृत्व में विद्यालय में शिक्षा के साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर जोर दिया जा रहा है। विद्यालय को वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री पुरस्कार और वर्ष 2026 में राज्य स्तरीय ललित कला अकादमी पुरस्कार मिल चुका है। कार्यक्रम में डॉ. राजीव आत्रेय, संजीव कुमार, नीरज कुमार, पंकज कुमार और डॉ. चंद्रशेखर त्यागी सहित शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में विद्यालय परिवार ने अतिथियों का आभार जताया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts