शहीद कोतवाल धन सिंह गुर्जर को मिले भारत रत्न, रैपिड स्टेशन का नाम भी उनके नाम पर हो : विजय सिंह कसाना

भारतीय वीर दल ने मनाई अमर शहीद की जयंती, विमुक्त जातियों के हक और सम्मान पर हुई विचार गोष्ठी; अहलकार सिंह नागर को किठौर से विधानसभा प्रत्याशी घोषित किया

मेरठ। अमर शहीद कोतवाल धन सिंह गुर्जर की जयंती पर भारतीय वीर दल की ओर से बाईपास स्थित गोल्डन होटल एंड रिसोर्ट में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शहीद कोतवाल धन सिंह गुर्जर सहित 1857 की क्रांति के गुमनाम बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। साथ ही अंग्रेजों द्वारा डीएनटी घोषित विमुक्त जातियों के हक, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी को लेकर विभिन्न राज्यों से आए बुद्धिजीवियों ने विचार रखे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद राजकुमार सैनी तथा भारत सरकार के पूर्व इदाते आयोग के सचिव डॉ. वीके लोधी रहे।

11 जातियों को आज तक नहीं मिला विमुक्त जाति का प्रमाण पत्र

डॉ. वीके लोधी ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने वाली प्रदेश की 11 जातियों को आज तक सरकारें विमुक्त जाति का प्रमाण पत्र नहीं दे रही हैं। अफसोस की बात है कि किसी भी राजनीतिक दल के एजेंडे में इन जातियों की मांग शामिल नहीं है। उन्होंने इनके अधिकारों और सम्मान के लिए ठोस पहल की जरूरत बताई।

क्रांतिकारियों के गांवों को मिले शहीद गांव का दर्जा

पूर्व सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि 1857 की प्रथम सैनिक जनक्रांति की शुरुआत शहीद कोतवाल धन सिंह गुर्जर के नेतृत्व में मेरठ से हुई थी। क्रांति में योगदान देने वाले सभी क्रांतिकारियों के गांवों को शहीद गांव का दर्जा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में विमुक्त जातियों की आबादी करीब 24 प्रतिशत है, लेकिन उनके हक और सम्मान के लिए कोई भी राजनीतिक दल प्रभावी आवाज नहीं उठा रहा है। इन जातियों को अधिकार दिलाने के लिए सभी को एकजुट और संगठित होना होगा।

कोतवाल धन सिंह को मिले भारत रत्न, रैपिड स्टेशन का हो नामकरण

भारतीय वीर दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय सिंह कसाना ने मांग की कि स्वतंत्रता संग्राम की प्रथम जनक्रांति के नायक शहीद कोतवाल धन सिंह गुर्जर को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए। मेरठ में रैपिड ट्रेन के स्टेशन का नाम भी उनके नाम पर रखा जाए। स्टेशन पर लगने वाले शिलापट पर उनके साथ क्रांति में शामिल सभी साथियों के नाम भी अंकित किए जाएं।

अहलकार सिंह नागर किठौर से होंगे प्रत्याशी

कार्यक्रम के दौरान भारतीय वीर दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय सिंह कसाना ने अहलकार सिंह नागर को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल करते हुए किठौर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर और जयकारे लगाकर उनका स्वागत किया। अहलकार सिंह नागर ने सभी के सहयोग और प्रयासों से किठौर विधानसभा सीट जीतने का संकल्प जताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरेंद्र गुर्जर ने की। इस दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष बबली गोस्वामी, उपाध्यक्ष महावीर सैनी, ओमपाल कश्यप, महेंद्र राठी, एडवोकेट रणवीर सिंह, लक्ष्मी नारायण लोधी, कैप्टन सुभाष नागर, विकास फौजी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts