संविधान के मूल्यों से ही साकार होगा 2047 तक विकसित भारत का सपना

सुभारती लॉ कॉलेज में सात दिवसीय आयोजन, संगोष्ठी के साथ ई-क्विज, पोस्टर प्रतियोगिता और विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

मेरठ। संविधान दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के सरदार पटेल सुभारती लॉ कॉलेज की ओर से सात दिवसीय शैक्षणिक एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके तहत ‘विकसित भारत 2047 का संवैधानिक परिप्रेक्ष्य’ विषय पर संगोष्ठी हुई। सुभारती लॉ कॉलेज और डॉ. भीमराव अंबेडकर चेयर के संयुक्त तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में संविधान के मूल्यों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के साथ विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की गई।

 कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। लॉ कॉलेज की डीन प्रो. (डॉ.) रीना बिश्नोई ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार स्तंभ है। यह नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का अधिकार देने के साथ राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाकर जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। विश्वविद्यालय के प्रति-कुलाधिपति प्रो. (डॉ.) जीके थपलियाल ने कहा कि विकसित राष्ट्र बनने के लिए केवल आर्थिक समृद्धि और जीडीपी में वृद्धि पर्याप्त नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक न्याय और समान अवसर भी जरूरी हैं। विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। संसाधनों का न्यायसंगत वितरण और कमजोर वर्गों का सशक्तीकरण ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। मुख्य वक्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सोनिका वर्मा ने संविधान की प्रस्तावना को भारतीय लोकतंत्र की आत्मा बताया। 

 उन्होंने कहा कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श एक-दूसरे के पूरक हैं। विद्यार्थियों को सामाजिक भेदभाव और असमानता जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए संवैधानिक मूल्यों को व्यवहार में उतारना चाहिए। सात दिवसीय आयोजन के तहत ‘अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को जानें’ विषय पर विधिक जागरूकता ई-क्विज और ‘अधिकार एवं कर्तव्य : लोकतंत्र के दो आधार स्तंभ’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। इसके अलावा पांचली गांव में विधिक जागरूकता शिविर लगाकर ग्रामीणों को मौलिक अधिकारों, कानूनी प्रावधानों, नागरिक कर्तव्यों और निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में डॉ. भीमराव अंबेडकर चेयर के संयोजक प्रो. (डॉ.) अनोज राज ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) वैभव गोयल, प्रो. (डॉ.) प्रेम चंद्र, डॉ. सारिका त्यागी सहित शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts