साइकिल का बटन दबाओगे तो आएगी गुंडागर्दी, कमल से मिलेगी सुरक्षा और खुशहाली : केशव मौर्य
मेरठ में सामाजिक समरसता यात्रा का भव्य स्वागत, संत रविदास की चरण पादुका सिर पर रख मंच तक लाए डिप्टी सीएम; बोले- पादुकाएं सिर पर रखते ही भावुक हो गया
मेरठ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को मेरठ में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि साइकिल का बटन दबाने पर गुंडागर्दी, अपराध और छेड़खानी का दौर लौटेगा, जबकि कमल का बटन दबाने से सुरक्षा, विकास और खुशहाली आएगी। राहुल गांधी और अखिलेश यादव के हाथों से सत्ता जा चुकी है, इसलिए दोनों परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2047 तक राहुल गांधी प्रधानमंत्री और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठ पाएंगे।
दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में पहुंची सामाजिक समरसता यात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान आयोजित जनसभा में केशव मौर्य ने संत रविदास की चरण पादुकाओं को यात्रा के रथ से अपने सिर पर रखकर मंच तक पहुंचाया और उन्हें स्थापित किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह भरत जी को भगवान राम की चरण पादुकाएं सिर पर रखने का अवसर मिला था, वैसा ही भाव उन्हें आज महसूस हुआ। चरण पादुकाएं सिर पर रखते समय वह भावुक हो गए।
डिप्टी सीएम ने कहा कि संत रविदास की सच्ची पूजा तभी है, जब देश में कोई भूखा न सोए। काशी से शुरू हुई सामाजिक समरसता यात्रा पूरे देश में जा रही है और हर जगह इसका स्वागत हो रहा है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने ऐसा संविधान दिया, जिसने राजा और रंक के बीच का भेद मिटाया। पूरा देश संविधान निर्माता का सम्मान करता है।
सैफई तक सिमट जाएगी सपा की राजनीति
केशव मौर्य ने कहा कि लखनऊ की सत्ता वालों को अब केवल सैफई की सत्ता मिल सकती है। अखिलेश यादव सैफई के प्रधान बनकर रह जाएंगे। राहुल गांधी को देश की सत्ता सौंपने का मतलब देश को नुकसान पहुंचाना होगा। उन्होंने सपा के चुनावी घोषणा पत्र पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग खुद गुंडागर्दी करते हैं, वे कानून का राज कैसे स्थापित करेंगे।
श्रमिकों का सम्मान भाजपा की पहचान
उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक आयोजन नहीं है, लेकिन लोकतंत्र में वोट की ताकत सबसे महत्वपूर्ण है। बाबा साहेब के संविधान ने प्रत्येक नागरिक को यह ताकत दी है। मंच पर लगे पोस्टर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयागराज कुंभ में स्वच्छता कर्मियों के साथ बैठकर उनका सम्मान कर चुके हैं। राजनीतिक विरोधियों को श्रमिकों और स्वच्छता कर्मियों का सम्मान बर्दाश्त नहीं होता, जबकि भाजपा श्रमिकों को देवता मानती है।
छेड़खानी करने वाले को पुलिस ने सिखाया सबक
मेरठ में दो दिन पहले होटल में युवती से छेड़खानी की घटना का जिक्र करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि एक बेटी के साथ अभद्रता करने वाले को पुलिस ने ऐसा सबक सिखाया कि वह माफी मांगता नजर आया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं से अभद्रता करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उचक्कों को जेल में भेजा जाएगा।
40 से अधिक संत रहे मौजूद, हापुड़ के लिए रवाना होगी यात्रा
बागपत से होते हुए सामाजिक समरसता यात्रा शुक्रवार को मेरठ पहुंची। रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के 40 से अधिक संत मंच पर मौजूद रहे। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा में शामिल लोगों के रात्रि प्रवास की व्यवस्था मेरठ में की गई है। इसके बाद यात्रा हापुड़ के लिए रवाना होगी।


No comments:
Post a Comment