संविधान सत्ता को मर्यादा में रखने वाला सबसे मजबूत प्रहरी : डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी
आईआईएमटी विश्वविद्यालय में संविधान गौरव दिवस पर संगोष्ठी, वक्ताओं ने संविधान को बताया लोकतंत्र की आत्मा और करोड़ों भारतीयों की उम्मीद
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को संविधान गौरव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि सत्ता में आने के बाद सिर पर सवार होने वाले अहंकार पर महावत की तरह अंकुश लगाने का काम भारतीय संविधान करता है। संविधान सरकार को उसकी सीमाओं और मर्यादाओं का बोध कराता है। आज बाबा साहेब के नाम और जाति का इस्तेमाल कर कुछ लोग समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि उन्होंने संविधान का निर्माण पूरे समाज के कल्याण के लिए किया था।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी, वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. जीएस धामा, वरिष्ठ अधिवक्ता संजय शर्मा, कुलाधिपति योगेश मोहनजी गुप्ता और कुलपति डॉ. दीपा शर्मा ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। डॉ. जीएस धामा ने कहा कि भारतीय संविधान केवल अनुच्छेदों और कानूनी प्रावधानों का संग्रह नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आशाओं, सपनों, संघर्षों और आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। भारत जैसे विशाल लोकतांत्रिक देश को एकजुट रखने में संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका है।
वरिष्ठ अधिवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि संविधान उन करोड़ों भारतीयों की उम्मीद है, जिनकी आवाज सत्ता के गलियारों तक नहीं पहुंच पाती। यह गरीब व्यक्ति का न्याय पाने का विश्वास, महिला के समानता और सम्मान के अधिकार तथा विद्यार्थी की निर्भय होकर विचार व्यक्त करने की ताकत है। संविधान यह सुनिश्चित करता है कि सरकार अपनी सीमाएं और मर्यादाएं न भूले।
कुलपति डॉ. दीपा शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी के अनुसार अधिकारों का वास्तविक स्रोत कर्तव्य है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों का पालन करे तो अधिकारों की रक्षा स्वतः सुनिश्चित होगी। संविधान में लचीलेपन और कठोरता का संतुलन इसकी विशेषता है। संविधान की सफलता उसके आदर्शों को व्यवहार में अपनाने से ही संभव है। वरिष्ठ प्रोफेसर विनिता शुक्ला ने आधुनिक भारत में बाबा साहेब की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान नागरिकों को न्याय पाने के साथ अपनी और दूसरों की आवाज उठाने की ताकत देता है।
डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले ने संविधान की ताकत और न्यायपालिका की भूमिका को प्रदर्शित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल कर 90 बार राज्यों की सरकारें गिराईं, जिनमें 50 बार यह काम इंदिरा गांधी के कार्यकाल में हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का कार्य किया गया है। बाबा साहेब ने संविधान का निर्माण किसी जाति या वर्ग विशेष के लिए नहीं, बल्कि सर्वसमाज के हित में किया था।
कुलाधिपति योगेश मोहनजी गुप्ता ने संविधान को भारत की गीता और कुरान बताते हुए कहा कि इसी ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अपनी आवाज उठाने का अवसर दिया है। उन्होंने न्यायालयों में लंबित करोड़ों मुकदमों और न्याय मिलने में होने वाली देरी पर चिंता जताते हुए इसके समाधान के लिए गंभीर प्रयास करने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम के आयोजन में डीन एक्टिविटी डॉ. लखविंदर सिंह, निदेशक प्रशासन डॉ. संदीप कुमार और मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा का सहयोग रहा। असिस्टेंट प्रोफेसर एकता शर्मा ने मंच संचालन किया।


No comments:
Post a Comment