सातवीं मंजिल के फ्लैट में आधी रात को भड़की आग, मची अफरा-तफरी
क्लाउड-9 अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 702 में आग से जला घरेलू सामान, दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू, शॉर्ट सर्किट की आशंका
मेरठ। शास्त्री नगर के चाणक्यपुरी स्थित क्लाउड-9 अपार्टमेंट में रविवार रात सातवीं मंजिल पर एक फ्लैट में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कमरे से आग की लपटें और धुआं उठता देख अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में लोग अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन फ्लैट में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार, क्लाउड-9 अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 702 में नीता अरोड़ा अपने पति इंद्र नील अरोड़ा के साथ रहती हैं। रविवार रात करीब 11 बजे फ्लैट के एक कमरे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कमरे से धुआं बाहर निकलने लगा। आग की लपटें देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग भी बाहर आ गए। ऊंची मंजिल पर आग लगने से पूरी बिल्डिंग में दहशत फैल गई।
सूचना मिलने पर मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को बुलाया। इसके बाद तीन दमकल गाड़ियों ने मोर्चा संभाला। फायरकर्मियों ने काफी देर तक अभियान चलाकर आग को बुझाया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बिल्डिंग के अन्य फ्लैट इसकी चपेट में आने से बच गए।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फ्लैट में किसी के फंसे होने की सूचना नहीं थी। आग पूरी तरह बुझा दी गई है और हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।


No comments:
Post a Comment