मुंबई में चोरी कर मेरठ में छिपे थे चार आरोपी, दबिश देने पहुंची पुलिस से धक्कामुक्की

सीएम आवास के पास मोबाइल टावर से चुराए थे कीमती कार्ड, सीसीटीवी फुटेज के सहारे लिसाड़ीगेट पहुंची महाराष्ट्र पुलिस; स्थानीय पुलिस ने संभाला मोर्चा

मेरठ। मुंबई में मोबाइल टावर से कीमती कार्ड चोरी कर मेरठ में छिपे चार आरोपियों को पकड़ने पहुंची महाराष्ट्र पुलिस को लिसाड़ीगेट में विरोध का सामना करना पड़ा। आरोपियों को गिरफ्तार कर ले जाते समय कुछ लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया और धक्कामुक्की की कोशिश की। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने स्थिति संभाली और चारों आरोपियों को सुरक्षित थाने पहुंचाया। महाराष्ट्र पुलिस ने चोरी के आरोप में सलीम, इमरान, फरदीन और मुस्तफा को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, मुंबई के मालाबार हिल थाना क्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास के नजदीक स्थित एक मोबाइल टावर से कुछ समय पहले कार्ड चोरी हुए थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। टावर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर आरोपियों के चेहरे सामने आए। इसी आधार पर महाराष्ट्र पुलिस की टीम उनकी तलाश करते हुए मेरठ पहुंची।

अहमदनगर की गली नंबर-12 में मिली लोकेशन

मुंबई के मालाबार हिल थाने में तैनात दरोगा पीआर मोदे के नेतृत्व में पुलिस टीम रविवार शाम लिसाड़ीगेट थाने पहुंची और आमद दर्ज कराई। टीम ने स्थानीय पुलिस को बताया कि चोरी के आरोपियों की लोकेशन लिसाड़ीगेट के अहमदनगर क्षेत्र में मिल रही है। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश की तैयारी की गई। चारों आरोपी अहमदनगर की गली नंबर-12 के रहने वाले बताए गए हैं।

गिरफ्तारी के बाद भीड़ ने घेरा, पुलिस ने दिखाई फुटेज

महाराष्ट्र पुलिस की टीम जब आरोपियों को गिरफ्तार कर घरों से बाहर निकली तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और धक्कामुक्की करने की कोशिश की। इसी बीच लिसाड़ीगेट थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। विरोध कर रहे लोगों को महाराष्ट्र पुलिस ने मुंबई में हुई चोरी से संबंधित सीसीटीवी फुटेज दिखाई। फुटेज में चारों आरोपियों के चेहरे स्पष्ट नजर आने के बाद लोगों का विरोध शांत हो गया।

चारों आरोपियों को देर रात थाने लाया गया। महाराष्ट्र पुलिस सोमवार को चारों की ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें मुंबई ले जाने की तैयारी में जुटी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts