दिवाली पर जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस का प्लान तैयार, शहर के 14 कंजेशन पॉइंट चिह्नित
बेगमपुल से हापुड़ अड्डे तक दिन-रात तैनात रहेगी अतिरिक्त फोर्स, 28 नए ड्यूटी पॉइंट भी बनाए; अतिक्रमण करने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर
मेरठ। दिवाली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और सड़कों पर बढ़ते वाहनों के दबाव से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। शहर की यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वाले 14 प्रमुख कंजेशन पॉइंट चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर सोमवार से दिन और रात अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही 28 अतिरिक्त ड्यूटी पॉइंट भी बनाए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस का जोर बाजारों और प्रमुख चौराहों पर जाम की स्थिति बनने से रोकने पर रहेगा।
दीपावली पर खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ बाजारों में पहुंचते हैं। इस दौरान दुकानों के बाहर अतिक्रमण, सड़क पर खड़े वाहन, ई-रिक्शा की मनमानी और रॉन्ग साइड आवाजाही जाम की बड़ी वजह बनती है। इसका असर शहर के प्रमुख मार्गों पर पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए एसपी ट्रैफिक ने खुद शहर का भ्रमण कर जाम के प्रमुख स्थानों की पहचान की है।
आठ स्थानों पर अतिक्रमण से बिगड़ती है व्यवस्था
ट्रैफिक पुलिस ने कुल 14 कंजेशन पॉइंट चिह्नित किए हैं। इनमें आठ स्थान ऐसे हैं, जहां अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है। कुछ स्थानों पर सड़क संकरी और तिरछी होने से वाहनों का दबाव बढ़ जाता है, जबकि तिराहों और चौराहों पर कई दिशाओं से आने वाले वाहन जाम की स्थिति पैदा करते हैं। कुछ स्थानों पर रॉन्ग साइड वाहन भी यातायात में बाधा बनते हैं।
बेगमपुल से गोला कुआं तक विशेष निगरानी
बेगमपुल शहर के सबसे संकरे और व्यस्त स्थानों में शामिल है। यहां कई प्रमुख मार्गों का ट्रैफिक एक साथ पहुंचने से जाम लगता है। हापुड़ अड्डा चौराहे पर ई-रिक्शा की मनमानी, सवारी बैठाने-उतारने और रॉन्ग साइड वाहनों से व्यवस्था बिगड़ती है। जीरो माइल तिराहे पर कई दिशाओं से आने वाला ट्रैफिक दबाव बढ़ाता है।
तेजगढ़ी चौराहा गढ़ रोड की यातायात व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण है, लेकिन यहां भी रॉन्ग साइड वाहन परेशानी पैदा करते हैं। कचहरी चौराहे पर पुलिस लाइन, वेस्टर्न कचहरी रोड और नेहरू रोड समेत कई मार्गों का ट्रैफिक एकत्र होता है। वहीं गोला कुआं चौराहे पर ई-रिक्शा की भरमार और दुकानों के बाहर अतिक्रमण जाम का कारण बनता है। दिल्ली रोड पर भारी वाहनों का दबाव भी यातायात प्रभावित करता है।
रात 12 बजे तक ड्यूटी, अतिक्रमण पर होगी एफआईआर
त्योहार के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी का समय भी बढ़ाया जा रहा है। अभी तक रात 10 बजे तक तैनात रहने वाली पुलिस अब रात 12 बजे तक यातायात संभालेगी। दिन और रात दोनों समय अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे।
एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के कंजेशन पॉइंट पर अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं। यातायात सुचारु रखने के लिए विशेष ड्यूटी लगाई गई है। सड़कों पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अब एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।


No comments:
Post a Comment