दिवाली पर घर लौटने वालों के लिए रोडवेज का बड़ा इंतजाम, मेरठ परिक्षेत्र में दौड़ेंगी 374 अतिरिक्त बसें
6 से 17 नवंबर तक विशेष संचालन, मेरठ और सोहराब गेट डिपो से प्रमुख शहरों के लिए बढ़ाई जाएगी बसों की संख्या
मेरठ। दिवाली पर घर जाने वाले यात्रियों को बसों की किल्लत और भीड़ से राहत दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने विशेष तैयारी की है। मेरठ परिक्षेत्र में 6 से 17 नवंबर तक 374 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन निगम ने प्रमुख रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाने का खाका तैयार कर लिया है।
मेरठ डिपो से 116 अतिरिक्त बसें विभिन्न प्रमुख मार्गों पर चलाई जाएंगी। इनमें शामली, बिजनौर, देहरादून, ऋषिकेश, अंबाला, दिल्ली, अजमेर और बालाजी के रूट शामिल हैं। यात्रियों की संख्या के हिसाब से इन मार्गों पर बसों का संचालन किया जाएगा।
वहीं, सोहराब गेट डिपो से 163 अतिरिक्त बसें बुलंदशहर, बरेली, आगरा, मुरादाबाद, गोरखपुर, बदायूं, कानपुर, लखनऊ और लखीमपुर के लिए उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा दिल्ली के आनंद विहार और कौशांबी बस अड्डों से पूर्वांचल के विभिन्न शहरों के लिए भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
चालक-परिचालकों को मिलेगा प्रोत्साहन, छुट्टियां रहेंगी बंद
त्योहार के दौरान बसों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन निगम ने चालक और परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना लागू की है। 6 से 17 नवंबर तक लगातार ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को अतिरिक्त लाभ दिया जाएगा। इस अवधि में कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश बंद रहेंगे, ताकि बसों के संचालन में कर्मचारियों की कमी न हो।
मेरठ डिपो के प्रभारी रहीसुद्दीन ने बताया कि दिवाली पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की जा रही है, जिससे यात्रियों को त्योहार के दौरान आवागमन में परेशानी न हो।


No comments:
Post a Comment