पोस्टरों में उकेरा कौमी एकता और सड़क सुरक्षा का संदेश, छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला महाविद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता, गुलफशा ने हासिल किया पहला स्थान

मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कौमी एकता और सड़क सुरक्षा का संदेश छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के जरिए दिया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की द्वितीय इकाई की ओर से कौमी एकता सप्ताह एवं सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्राओं ने आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।

प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. अंजू सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उनके प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि विविधताओं से भरे भारतीय समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वहीं, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने का दायित्व भी है।

एनएसएस द्वितीय इकाई की कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर मोनिका चौधरी ने प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत की। सड़क सुरक्षा नोडल अधिकारी प्रोफेसर लता कुमार ने छात्राओं को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, यातायात संकेतों की जानकारी तथा जिम्मेदार सड़क व्यवहार के प्रति जागरूक किया।

गुलफशा ने मारी बाजी

प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की कुमारी गुलफशा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए तृतीय सेमेस्टर की कुमारी प्राची दूसरे और बीए प्रथम सेमेस्टर की कुमारी रिया तीसरे स्थान पर रहीं। कुमारी अक्षय और महक को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। निर्णायक मंडल में बीएड विभाग के डॉ. आशीष पाठक और डॉ. ऋचा राणा शामिल रहे।

अंत में प्रोफेसर मोनिका चौधरी ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार जताया। आयोजन में प्रो. लता कुमार, डॉ. ज्योति चौधरी, डॉ. डेजी वर्मा, डॉ. आशीष पाठक, डॉ. रूबी और डॉ. ऋचा राणा सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts