छात्राओं के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षक-अभिभावक एकजुट, 200 अभिभावकों ने लिया हिस्सा
रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज में कला संकाय के 14 विभागों में हुई बैठक, शैक्षणिक प्रगति और उपस्थिति पर हुआ मंथन
मेरठ। छात्राओं की शैक्षणिक सफलता और सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक और अभिभावकों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। इसी उद्देश्य से रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज के कला संकाय के विभिन्न विभागों में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित की गई। इसमें स्नातक और परास्नातक की छात्राओं के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक में करीब 200 अभिभावकों की सहभागिता रही।
बैठक के दौरान शिक्षिकाओं ने अभिभावकों से छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, अकादमिक प्रदर्शन और अध्ययन से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। छात्राओं की कमजोरियों को दूर करने, उनकी क्षमताओं को निखारने और बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए शिक्षकों एवं अभिभावकों के बीच समन्वय बनाने पर जोर दिया गया।
शिक्षिकाओं ने कहा कि छात्राओं की सफलता केवल कक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि घर का माहौल, नियमित अध्ययन, अनुशासन और अभिभावकों का प्रोत्साहन भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अभिभावकों से छात्राओं के व्यक्तिगत विकास और भविष्य की संभावनाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी मांगे गए।
14 विभागों के शिक्षकों ने किया संवाद
आयोजन में अर्थशास्त्र विभाग से प्रो. नीना बत्रा, हिंदी से प्रो. सुनीता चौधरी, अंग्रेजी से प्रो. ममता उपाध्याय, समाजशास्त्र से प्रो. अनु रस्तोगी, गृह विज्ञान से प्रो. सोनिका चौधरी, मनोविज्ञान से प्रो. नीलम सिंह, ड्राइंग एवं पेंटिंग से प्रो. अर्चना रानी, इतिहास से प्रो. अपर्णा वत्स, राजनीति शास्त्र से डॉ. बबीता माजी, संस्कृत से डॉ. उपासना सिंह, संगीत से डॉ. किरण शर्मा, शारीरिक शिक्षा से प्रो. भावना मित्तल, भूगोल से मिस शैल वर्मा और दर्शनशास्त्र से डॉ. अंजलि ने सहभागिता की।
बैठक में अभिभावकों ने महाविद्यालय की ओर से छात्राओं के शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही भविष्य में भी शिक्षकों के साथ सक्रिय सहयोग बनाए रखने का भरोसा दिया। सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई बैठक को छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।


No comments:
Post a Comment