व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल को तीन साल की सजा

 28 साल पुराने आगजनी और मारपीट के मामले में अदालत ने सुनाया फैसला, दो अन्य साथी भी दोषी करार

लखनऊ (एजेंसी)। व्यापारी नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य बनवारी लाल कंछल को 28 साल पुराने आगजनी, मारपीट और बलवा के मामले में अदालत ने तीन साल की सजा सुनाई है। व्यापार कर भवन में घुसकर आगजनी करने, अधिकारियों के साथ मारपीट और सरकारी कामकाज में बाधा डालने के आरोप में अदालत ने उनके दो अन्य साथियों हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को भी दोषी ठहराया है। दोषी करार दिए जाने के बाद तीनों की जमानत निरस्त कर उन्हें जेल भेज दिया गया।

दो आरोपियों की मुकदमे के दौरान मौत

मामले में कुल छह लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया था। इनमें बनवारी लाल कंछल, मोती चंद्र अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल, देशराज अग्रवाल, श्रीनिवास अग्रवाल और राजेंद्र कुमार अग्रवाल शामिल थे। मुकदमे की सुनवाई के दौरान मोती चंद्र अग्रवाल और श्रीनिवास अग्रवाल की मौत हो गई, जबकि राजेंद्र अग्रवाल को साक्ष्यों के अभाव में अदालत ने बरी कर दिया।

2006 में अदालत ने लिया था संज्ञान

पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। 17 नवंबर 2006 को अदालत ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों को तलब किया। इसके बाद नौ मई 2019 को आरोप तय किए गए। करीब 28 साल तक चले मुकदमे में अदालत ने गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बनवारी लाल कंछल समेत तीन आरोपियों को दोषी ठहराया। फैसले के बाद तीनों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts