नेपाल में 5.4 तीव्रता का भूकंप, भारत के कई राज्यों में कांपी धरती
सुबह 7:02 बजे महसूस हुए झटके, सिक्किम से लेकर बिहार, बंगाल और मेघालय तक लोगों में दहशत
मंगन से 67 किलोमीटर दूर था केंद्र, फिलहाल जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं
गंगटोक (एजेंसी)। नेपाल में मंगलवार सुबह आए भूकंप से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के कई हिस्सों में धरती कांप उठी। सुबह करीब 7:02 बजे आए 5.4 तीव्रता के भूकंप के झटके सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार और मेघालय समेत कई क्षेत्रों में महसूस किए गए। अचानक घरों और इमारतों में कंपन होने से लोग घबराकर बाहर निकल आए। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।
नेपाल के कोशी प्रांत में था भूकंप का केंद्र
यूरोपियन मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रांत में था। इसकी तीव्रता 5.4 मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने बताया कि 24 नवंबर को सुबह 7 बजकर 2 मिनट 47 सेकंड पर भूकंप आया। इसका केंद्र 27.855 उत्तरी अक्षांश और 87.909 पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। केंद्र ने इसकी गहराई 20 किलोमीटर बताई है। वहीं, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र भारत के मंगन से करीब 67 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर पश्चिम में था।
सिक्किम से बंगाल तक महसूस हुए झटके
भूकंप का असर सिक्किम सहित पूर्वी हिमालयी क्षेत्र में देखने को मिला। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूच बिहार में भी झटके महसूस किए गए। इसके अलावा बिहार और मेघालय के कुछ इलाकों में भी धरती कांपने की खबरें सामने आईं। अचानक आए झटकों से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भूटान और असम में भी दर्ज हुए भूकंप
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार को सिक्किम के नजदीक भूटान में रात 12 बजकर 13 मिनट पर 2.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इसका केंद्र गंगटोक से 56 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था। वहीं, असम के कार्बी आंगलोंग जिले में सुबह 3 बजकर 39 मिनट पर 2.5 तीव्रता का एक और भूकंप आया। इसकी गहराई 15 किलोमीटर दर्ज की गई। लगातार भूकंपीय गतिविधियों के चलते पूर्वी हिमालयी क्षेत्र में सतर्कता बढ़ गई है।


No comments:
Post a Comment