नोएडा की सोसायटी में 19वीं मंजिल से गिरकर छात्रा की मौत

11वीं की छात्रा की मौत से परिवार में मचा कोहराम, पिता की डांट से नाराज होने की बात आई सामने

पढ़ाई को लेकर तनाव की भी चर्चा, हादसा या आत्मघाती कदम, पुलिस दोनों पहलुओं से कर रही जांच

नोएडा (एजेंसी)। नोएडा के सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसायटी में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक घटना में 11वीं कक्षा की छात्रा की जान चली गई। छात्रा की पहचान दीक्षिता के रूप में हुई है। वह सोसायटी के टावर नंबर-34 में अपने परिवार के साथ रहती थी। मंगलवार सुबह करीब तीन बजे वह फ्लैट की 19वीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

रात को परिवार के साथ किया था भोजन

पुलिस के मुताबिक, दीक्षिता नोएडा के एक प्रतिष्ठित स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। उसके पिता एक निजी कंपनी में वरिष्ठ अधिकारी हैं। परिवार मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला है। शुरुआती जांच में पता चला कि सोमवार रात छात्रा ने परिवार के साथ सामान्य रूप से खाना खाया था। हालांकि, वह पिछले कुछ समय से पढ़ाई को लेकर तनाव में बताई जा रही है।

पिता की डांट से नाराज होने की बात आई सामने

पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि किसी बात को लेकर पिता अभिनव दुबे ने छात्रा को डांट दिया था। इसके बाद वह नाराज थी। हालांकि, इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा बालकनी से दुर्घटनावश गिरी या उसने तनाव में आकर कोई आत्मघाती कदम उठाया।

मोबाइल फोन की जांच कर रही पुलिस

सेक्टर-39 थाना प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और परिजनों की ओर से भी कोई शिकायत नहीं दी गई है। छात्रा के मोबाइल फोन की जांच के साथ परिवार के सदस्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts