गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर देश ने किया नमन, राष्ट्रपति-पीएम ने दीं शुभकामनाएं
: मोदी बोले- गुरु साहिब की शिक्षाएं पूरी दुनिया को दिखा रही राह, मानवता और भाईचारे का संदेश आज भी प्रासंगिक
नई दिल्ली (एजेंसी)। गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर मंगलवार को देशभर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। इस पावन अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गुरु साहिब को नमन किया। सभी ने देशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता को प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे का रास्ता दिखा रही हैं।
राष्ट्रपति ने एकता और मानवता का संदेश अपनाने की अपील की
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश और विदेश में रह रहे भारतीयों को प्रकाश पर्व की बधाई दी। उन्होंने लोगों से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में उतारने की अपील की। राष्ट्रपति ने कहा कि गुरु साहिब का संदेश पूरी मानवता को एकता के सूत्र में पिरोने वाला है। उनकी शिक्षाएं समाज में सद्भाव और आपसी प्रेम को मजबूत करती हैं।
मोदी बोले- पूरी दुनिया के लिए प्रेरणादायक हैं गुरु साहिब की शिक्षाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा कर गुरु नानक देव जी को नमन किया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं हमेशा मानवता का मार्गदर्शन करती रहेंगी। उनका जीवन दर्शन ऐसा समाज बनाने की प्रेरणा देता है, जहां दया, आपसी मेलजोल और सबके कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले। प्रधानमंत्री ने वीडियो संदेश भी साझा किया। इसमें उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए आज भी उतनी ही प्रासंगिक और प्रेरणादायक हैं।
अमित शाह, राजनाथ और राहुल गांधी ने भी दी बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरु नानक देव जी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी प्रकाश पर्व की बधाई दी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, 'गुरु पूरब की आप सभी को लख-लख बधाइयां।' उन्होंने गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन, तप, त्याग और सेवा भाव को याद करते हुए कहा कि मानवता के लिए दिया गया उनका संदेश हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।
भगवंत मान ने याद दिलाया गुरु साहिब का मूल मंत्र
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी प्रकाश पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी दुनिया को नाम जपने, ईमानदारी से मेहनत करने और मिल-बांटकर खाने का संदेश दिया। उनकी ये शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, सद्भाव और सेवा के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।


No comments:
Post a Comment