पंजाब में फिर साथ आए भाजपा और अकाली दल, 2027 चुनाव मिलकर लड़ेंगे

: गठबंधन में अकाली दल होगा बड़ा भाई, सभी 117 सीटों पर मिलकर उतारेंगे प्रत्याशी

अमित शाह बोले- मुख्यमंत्री भी अकाली दल से ही होगा, सुखबीर बादल ने बताया पंजाब के हित में फैसला

चंडीगढ़। पंजाब की सियासत में मंगलवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है। दोनों दलों ने आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संयुक्त प्रेस वार्ता में गठबंधन का एलान करते हुए स्पष्ट किया कि इस बार भी गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा और मुख्यमंत्री पद भी उसी के हिस्से में रहेगा।

प्रेस वार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे। अमित शाह ने कहा कि एनडीए के सबसे पुराने सहयोगियों में शामिल शिरोमणि अकाली दल की वापसी से उन्हें बेहद खुशी है। बादल परिवार के साथ भाजपा का पुराना रिश्ता रहा है। दोनों दलों ने मिलकर कई चुनाव लड़े हैं और जीत-हार दोनों का सामना किया है, लेकिन आपसी संबंध हमेशा कायम रहे।

117 सीटों पर मिलकर लड़ेंगे चुनाव

गठबंधन में सीटों और नेतृत्व को लेकर स्थिति साफ करते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे। बड़े भाई की भूमिका के सवाल पर उन्होंने कहा कि स्वाभाविक रूप से यह जिम्मेदारी शिरोमणि अकाली दल निभाएगा। मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर शाह ने कहा कि जो बड़ा भाई होता है, मुख्यमंत्री भी वही बनता है। इस तरह उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि गठबंधन की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री अकाली दल का होगा।

नशा और भ्रष्टाचार खत्म करने का दावा

अमित शाह ने पंजाब की मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता से किए वादों को पूरा करने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब से नशीले पदार्थों की समस्या खत्म करना, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना और राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना गठबंधन की प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी। शाह ने दावा किया कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार से निराश है और बदलाव चाहती है।

बादल बोले- राजनीतिक नहीं, भावनात्मक गठबंधन

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को पंजाब, देश और सिख समुदाय के हित में उठाया गया कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि दोनों दलों के बीच भावनात्मक जुड़ाव है। उनके दिवंगत पिता प्रकाश सिंह बादल भी भाजपा और अकाली दल के रिश्ते को अटूट बताते थे।

सुखबीर बादल ने कहा कि दोनों दलों ने लंबे समय तक साथ मिलकर सरकार चलाई और उस दौरान पंजाब ने तरक्की की। उन्होंने प्रदेश में गैंगस्टरों का आतंक खत्म करने और नशे की समस्या से निपटने को अपना मिशन बताया। बादल ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था और बेहतर माहौल बनाने के लिए दोनों दल मिलकर काम करेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts